यूपी के बलिया में आरोपी ने 13 साल की बच्ची का अपहरण कर उसके साथ लगभग 20 दिनों तक दुष्कर्म किया। अपहरण करने के बाद आरोपी बच्ची को दिल्ली ले गया। वहीं पर उसने बच्ची का यौन उत्पीड़न किया। इधर बच्ची जब घर में नहीं मिली तो परिजन परेशान हो गए। काफी खोजने के बाद भी जब बच्ची नहीं मिली तो मां ने मिसिंग रिपोर्ट दर्ज कराई। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला बलिया जिले के बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के एक गांव का है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
दिल्ली ले जाकर 20 दिनों तक किया दुष्कर्म
दरअसल, बांसडीह रोड थाना क्षेत्र में एक नाबालिग बच्ची को कथित रूप से अगवा कर दिल्ली ले जाने और करीब बीस दिनों तक बलात्कार करने के मामले में एक आरोपी युवक को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार किया। इसकी जानकारी पुलिस ने दी। पुलिस के अनुसार, बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 13 साल की बच्ची को 17 अगस्त को मझौली गांव के रहने वाले कुंदन कुमार पासवान (21) ने अगवा कर लिया था।
बच्ची की मां के तहरीर पर दर्ज हुआ मामला
इस मामले में बच्ची की मां की तहरीर पर कुंदन के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 363 व 366 (अपहरण) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) राज कपूर सिंह ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस ने बृहस्पतिवार (7 सितंबर) को किशोरी को थाना क्षेत्र के एक गांव से बरामद किया। उन्होंने बताया कि बच्ची ने पुलिस को बयान दिया है कि कुंदन उसे अगवा कर दिल्ली ले गया और करीब बीस दिनों तक उसके साथ दुष्कर्म किया।
गिरफ्तार हुआ आरोपी कुंदन
एसएचओ ने कहा कि बच्ची के बयान के आधार पर पुलिस ने पूर्व में दर्ज एफआईआर में भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (3) (दुष्कर्म) तथा यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की सुसंगत धारा जोड़ी है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी कुंदन को शुक्रवार को थाना क्षेत्र के शंकरपुर तिराहे से गिरफ्तार कर लिया है।