इस नाबालिग ने अपनी 13 साल की सहेली का ना सिर्फ अपहरण किया बल्कि उसके साथ गैंगरेप भी करवाया। अच्छी बात यह रही है कि अब पुलिस ने पीड़ित लड़की को अपहरणकर्ताओं के चंगुल से आजाद करा लिया है। आरोप है कि मध्य प्रदेश की इस लड़की को अगवा कर राजस्थान लाया गया था। जयपुर से पुलिस ने पीड़ित नाबालिग की दोस्त समेत 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता की नाबालिग सहेली के अलावा इस मामले के 2 अन्य आरोपी लड़के भी नाबालिग ही हैं। बताया जा रहा है कि 5 लड़कों ने लड़की के साथ गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने लड़की को जयपुर से छुड़ाया है।

विस्तृत जानकारी के मुताबिक लड़की के पिता मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में रहते हैं। पिता ने बीते 15 जून को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए कहा था कि उनकी बेटी देवास में अपनी चाची के घर रहती है और इस दिन स्कूल जाने के बाद वो घर नहीं लौटी। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस इस मामले की छानबीन में जुट गई।

पुलिस ने खुलासा किया है कि 15 जून को लड़की को देवास रेलवे स्टेशन के पास से अगवा किया था। यहां के पुलिस अधीक्षक कृष्णावेणी देसावतु ने बताया कि लड़की की दोस्त अपने स्कूटी पर उसे लेकर शहर के एक होटल में गई थी। यहां रोहित खतिक, अजय खतिक और विशाल गोस्वामी नाम के 3 लड़कों ने उसके साथ रेप किया। इसके बाद दो अन्य लड़कों अमन खतिक और नितेश तिवारी ने भी उसके साथ दुष्कर्म किया।

दुष्कर्म के बाद लड़की को राजस्थान ले जाया गया। इसके बाद जयपुर की क्राइम ब्रांच टीम ने पीड़िता को खोज निकाला और 2 आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। अमन, नितेश और तीन नाबालिगों के अलावा आरोपी लड़की और होटल के दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा होटल के मैनेजर 35 साल के लोकेश लाल को भी पुलिस ने पकड़ा है। पुलिस का कहना है कि यह सभी इस अपराध में शामिल हैं।

इस मामले में अभी तीन आरोपी रोहित, अजय और विशाल फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि फऱार आरोपियों को पकड़ने के लिए प्रयास किया जा रहा है। बहरहाल पुलिस अब इस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।