Share Market Closing: ट्रंप टैरिफ की खबर के चलते गुरुवार (31 जुलाई 2025) को भारतीय शेयर बाजार लाल निशान पर बंद हुआ। सेंसेक्स 296.28 अंक की गिरावट के साथ 81,185.58 पर बंद हुआ। जबकि एनएसई निफ्टी 86.70 अंक की गिरावट के साथ 24,768.35 अंक पर बंद हुआ। ट्रंप के टैरिफ लगाने के ऐलान को भारत पर अमेरिका की मांगों को मनवाने के लिए दबाव बनाने की एक रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।

हाल के दिनों में अमेरिका ने जापान, ब्रिटेन और यूरोपीय संघ जैसे प्रमुख पार्टनर के साथ अनुकूल व्यापार समझौते किए हैं। यह जुर्माना ऐसे समय में लगाया गया है जब भारत ने रूस से तेल और सैन्य उपकरणों की बड़ी खरीद की है। रूस से आयात के लिए जुर्माना झेलने वाला भारत पहला देश है।

टॉप गेनर और लूजर्स

सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में टाटा स्टील, सन फार्मा, रिलायंस इंडस्ट्रीज, अदाणी पोर्ट्स, एनटीपीसी और एशियन पेंट्स सबसे ज्यादा नुकसान में रहीं। दूसरी तरफ, हिंदुस्तान यूनिलीवर लि. में 3.48% की तेजी आई। इसके अलावा, इटर्नल (जोमैटो), आईटीसी, कोटक महिंद्रा बैंक और पावरग्रिड के शेयर भी लाभ में रहें।

ट्रंप टैरिफ का झटका! भारतीय बाजारों पर क्या होगा असर? जानें एक्सपर्ट का क्या है कहना

एशियाई मार्केट का हाल

एशिया के अन्य बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट में रहे, जबकि जापान का निक्की बढ़त के साथ बंद हुआ। यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में मिला-जुला रुख रहा।

बुधवार को अमेरिकी बाजार ज्यादातर गिरावट के साथ बंद हुए थे। ग्लोबल तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.74% टूटकर 72.70 डॉलर प्रति बैरल पर रहा। शेयर बाजार के के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने बुधवार को 850.04 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। पिछले कारोबारी सत्र में, सेंसेक्स 143.91 अंक चढ़ा था जबकि निफ्टी 33.95 अंक के लाभ में रहा था।

Trump tariff impact on Pharma: भारतीय फार्मा शेयरों में उफान या तबाही? जानें क्या है शेयर बाजार की प्रतिक्रिया

आज गिरावट के साथ खुला था शेयर बाजार

आज सुबह (31 जुलाई 2025) भारतीय शेयर गुरुवार को गिरावट के साथ खुले। दोनों प्रमुख सूचकांक BSE Sensex और NSE Nifty 50 लाल रंग के निशान पर कारोबार करते दिखे। सुबह 9:17 बजे IST तक निफ्टी 50 0.66% गिरकर 24,699.1 अंक पर और बीएसई सेंसेक्स 0.71% गिरकर 80,888.01 पर आ गया। सभी 16 प्रमुख सेक्टरों को बाजार खुलते ही नुकसान हुआ था।

[डिस्क्लेमर: ये आर्टिकल केवल जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से निवेश सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। Jansatta.com अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।]