सहारा समूह के फाउंडर सुब्रत रॉय का मंगलवार को 75 साल की उम्र में निधन हो गया। सहारा ग्रुप ने एक बयान जारी कर बताया कि वे हाइपर टेंशन और डायबिटीज़ जैसी बीमारियों से जूझ रहे थे और कार्डियक अरेस्ट के कारण उनका निधन हुआ। बयान में कहा गया है कि 12 नवंबर को स्वास्थ्य ख़राब होने के चलते उन्हें मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।
सुब्रत रॉय के जीवन से जुड़ी 5 बड़ी बातें
- 10 जून 1948 को जन्मे सुब्रत रॉय बिजनेस की दुनिया में प्रमुख व्यक्ति थे। उन्होंने सहारा इंडिया परिवार की स्थापना की और समूह के कर्मचारी उन्हें सहाराश्री कहकर संबोधित करते थे। 30 साल की उम्र में ही सुब्रत रॉय ने सहारा कंपनी का गठन किया। उस दौरान वह गोरखपुर में एक स्कूटर से चलते थे। सहारा के गठन के 13 साल बाद 1991 में उन्होंने एयर सहारा नाम की एयरलाइन का गठन किया और इसकी पहली उड़ान 1993 में शुरू हुई।
- देश की सबसे प्रसिद्ध उद्योगपति रहे सुब्रत रॉय ने फाइनेंस, हाउसिंग, विनिर्माण, विमानन और मीडिया जैसे विभिन्न क्षेत्रों में अपने व्यवसाय का विस्तार किया और एक घरेलू नाम बन गए। उनका बिजनेस न्यूयॉर्क के प्लाजा होटल और लंदन के प्रतिष्ठित ग्रोसवेनर हाउस सहित ऐतिहासिक वैश्विक संपत्तियों तक फैला था।
- सुब्रत रॉय के नेतृत्व में सहारा ने भारतीय क्रिकेट और हॉकी टीमों को भी स्पॉन्सर किया और एक फॉर्मूला वन रेसिंग टीम को भी खरीदा। लगभग दो दशक पहले उनके दो बेटों की शादियां आज भी भारत की सबसे महंगी शादियों में शामिल है। सुब्रत रॉय लखनऊ में रहते थे।
- अपने कार्यकाल में सुब्रत रॉय ने सहारा ग्रुप को अरबों डॉलर का बिजनेस बना दिया था। उन्हें राजनीति और बॉलीवुड के क्षेत्र में प्रसिद्ध और शक्तिशाली लोगों के बीच दोस्त बनाने के लिए भी जाना जाता था।
- सुब्रत रॉय को 2014 में सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर गिरफ्तार किया गया था। वह अपनी दो कंपनियों द्वारा निवेशकों को 20,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि वापस न करने के कारण उत्पन्न अवमानना मामले में अदालत के सामने पेश नहीं हुए थे। बाद में उन्हें जमानत मिल गई, लेकिन उनके अलग अलग बिजनेस के कारण वह हमेशा परेशानी में रहे।