साल 2020 के आखिरी दिनों में मुकेश अंबानी को बडा झटका लगा है। दरअसल, दुनिया के दौलतमंद कारोबारियों की सूची में मुकेश अंबानी 12वें स्थान पर आ गए हैं। मुकेश अंबानी पहले ही टॉप 10 सूची से बाहर हो चुके हैं।

ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक मुकेश अंबानी को चीन के अरबपति झोंग शान्शान ने पछाड़ा है। यही नहीं, झोंग शान्शान अब एशिया के भी सबसे दौलतमंद शख्स बन गए हैं। ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक चीन के अरबपति झोंग शान्शान की कुल संपत्ति 77.8 बिलियन डॉलर है।  वहीं, रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी की दौलत 76.9 बिलियन डॉलर है। अगर तुलना करें तो दोनों आरबपतियों की संपत्ति में मामूली अंतर है।

झोंग शान्शान कौन हैं: चीन के अरबपति झोंग शान्शान बोतल बंद पानी का कारोबार करते हैं। पहले उन्होंने एक निर्माण कंपनी में वर्कर की तरह काम किया। इसके बाद 1996 में Nongfu की स्‍थापना की थी। ये चीन में बोतल बंद पानी मार्केट में लीडिंग कंपनी है। यह कंपनी इसी साल हॉन्गकॉन्ग में पब्लिक लिस्ट हुई है। इसके बाद से शेयर में जबरदस्त इजाफा हुआ है।

66 वर्षीय झोंग बीजिंग वीनै बायोलॉजिकल फार्मेसी को भी नियंत्रित करते हैं, ये कंपनी अप्रैल 2020 में शंघाई स्टॉक एक्सचेंज में लिस्टेड हुई थी। यह कंपनी एक प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी के साथ मिलकर कोविड-19 वैक्‍सीन को विकसित कर रही है।