आयकर विभाग ने पिछले दो वित्त वर्षों में 43,000 करोड़ रुपए की अघोषित आय का पता लगाया है। राजस्व सचिव हसमुख अधिया ने शुक्रवार (1 जुलाई) को यह जानकारी दी। अधिया ने यहां संवाददाताओं से कहा कि इसमें से 21,000 करोड़ रुपए की आय का विभाग की छापेमारी में पता लगा, जबकि शेष 22,000 करोड़ रुपए का खुलासा विभिन्न सर्वे से हुआ। उन्होंने यह नहीं बताया कि यह पैसा कंपनियों है या व्यक्तिगत लोगों का। उन्होंने कहा कि फिलहाल विभाग इस अघोषित राशि पर कर की गणना कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीयों के विदेशी खातों में 13,000 करोड़ रुपए के कालेधन पर 120 फीसद की दर से कर लगाया जाएगा।
एक सवाल के जवाब में अधिया ने कहा कि देश में 5.4 करोड़ आयकरदाता हैं। इनमें से 1,50,000 की सालाना आय 50 लाख रुपए से अधिक है। 1.8 करोड़ टीडीएस करदाता हैं। नए करदाताओं के बारे में अधिया ने कहा कि हमारा 1.3 करोड़ नए करदाताओं को जोड़ने का अनुमानित लक्ष्य था। इनमें से 90 लाख कर के दायरे में आ चुके हैं। इनसे पिछले दो साल के दौरान 10,000 करोड़ रुपए का अतिरिक्त राजस्व जुटाया गया है।