बीते दिनों ऐसी खबरें आईं कि साइरस मिस्त्री टाटा ग्रुप के चेयरमैन पद से हटाए जाने पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले से खुश नही हैं। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट से फैसले की समीक्षा करने की अपील भी की है। इन खबरों के बीच साइरस मिस्त्री के पिता और समूह के मुखिया पलोनजी मिस्त्री की दौलत में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है।

ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक पलोनजी मिस्त्री की दौलत अब 26.4 बिलियन डॉलर रह गई है। वहीं, रैंकिंग की बात करें तो पलोनजी मिस्त्री टॉप 60 से भी बाहर हो गए हैं। फिलहाल, मिस्त्री की रैंकिंग 63वीं है। वहीं, दौलत के मामले में पलोनजी मिस्त्री से आगे अजीम प्रेमजी निकल गए हैं। विप्रो के मुखिया अजीम प्रेमजी की दौलत करीब 30 बिलियन डॉलर है और वह 49वें सबसे अमीर अरबपति है। कुछ दिनों पहले तक पलोनजी मिस्त्री रैंकिंग में अजीम प्रेमजी से भी आगे थे।

टाटा समूह से मिली है हार: बीते मार्च महीने में ही टाटा समूह से पलोजनी समूह को हार मिली है। हालांकि, शापूरजी पलोनजी समूह ने अब समीक्षा याचिका दायर की है। इसके मुताबिक शापूरजी पलोनजी समूह चाहता है कि सुप्रीम कोर्ट अपने फैसले की समीक्षा करे। आपको यहां बता दें कि इस विवाद के केंद्र में साइरस मिस्त्री हैं। साइरस मिस्त्री को साल 2016 में टाटा संस के चेयरमैन पद से हटा दिया गया था। इसके बाद से ही दोनों समूहों के बीच कानूनी लड़ाई की शुरुआत हुई थी।

पारिवारिक रिश्ता भी: चेयरमैन पद के लिए टाटा समूह से भिड़ने वाले साइरस मिस्त्री और टाटा समूह के रतन टाटा दोनों के बीच पारिवारिक रिश्ता भी है। दरअसल, पलोनजी शापूरजी के दो बेटे- शापूर और साइरस मिस्‍त्री, दो बेटियां- लैला और अल्‍लू हैं। पलोनजी शापूरजी की बेटी अल्‍लू की शादी नोएल टाटा से हुई है, जो रतन टाटा के सौतेले भाई हैं।

कहने का मतलब ये है कि दोनों के बीच कारोबारी ही नहीं, पारिवारिक भी रिश्ता है। आपको बता दें कि कंस्ट्रक्शन के दिग्गज पलोनजी वैसे तो एक आयरिश महिला से शादी करने की वजह से आयरलैंड के नागरिक हो गए हैं, लेकिन वे ज्‍यादातर समय भारत में ही रहते हैं। (ये पढ़ें-इस कंपनी को हो गया 500 करोड़ का बड़ा नुकसान, मुकेश अंबानी ने लगाया है दांव)