गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार को रिहायशी इलाके मेघानी नगर में प्लेन क्रैश हो गया। पुलिस के अनुसा, एयर इंडिया के इस प्लेन में 242 यात्री सवार थे। प्लेन के क्रैश होने के बाद इसमें भयंकर आग लग गई। यह विमान अहमदाबाद से लंदन जा रहा था। ये खबर सुनते ही हर कोई सदमे में है। इस भयावह घटना पर कई लोग अपने रिएक्शन दे रहे हैं। इसी बीच बिजनेसमैन गौतम अडानी (Gautam Adani) ने भी इस हादसे पर दुख जताया है।
गौतम अडानी की प्रतिक्रिया
गौतम अडानी ने अपने X अकाउंट (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “एयर इंडिया फ्लाइट 171 की इस त्रासदी से हम सदमे में हैं और बहुत दुखी हैं। जिन परिवारों ने अपने अपनों को खोया, उनके प्रति हमारी संवेदनाएं हैं. हम सभी अथॉरिटीज के साथ मिलकर काम कर रहे हैं और परिवारों को हरसंभव सहायता पहुंचा रहे हैं।”
अहमदाबाद विमान हादसा
अहमदाबाद से लंदन जा रही एअर इंडिया (Air India) की फ्लाइट AI171 हादसे का शिकार हुई है। इस हादसे में कम से कम 91 की मौत की खबर है। इस विमान में 230 यात्री और 12 कैबिन क्रू सवार थे। इसके अलावा एक यात्री कनाडा से और 7 पुर्तगाल से थे। DGCA ने इसकी जानकारी दी है।
एअर इंडिया ने अहमदाबाद विमान हादसे पर क्या कहा?
एअर इंडिया ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर कहा, ”अहमदाबाद-लंदन गैटविक की उड़ान संख्या AI171 आज, 12 जून को दुर्घटनाग्रस्त हो गई। फिलहाल हम विवरण का पता लगा रहे हैं और जल्द ही आगे की जानकारी अपनी वेबसाइट के साथ-साथ एक्स हैंडल पर शेयर करेंगे।”
संपर्क के लिए जारी किए गए नंबर
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने विमान हादसे के बाद ऑपरेशनल कंट्रोल रूम एक्टिवेट कर दिया है। यहां संपर्क करने के लिए 011-24610843 , 9650391859 नंबर जारी किए गए हैं। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने एक हेल्पलाइन भी शुरू की है। किसी भी जानकारी के लिए 9974111327 पर संपर्क किया जा सकता है। अहमदाबाद सिटी पुलिस की तरफ से 07925620359 आपातकालीन नंबर जारी किया गया है।