7th Pay Commission Latest News in Hindi: केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए नया साल बंपर तोहफे वाला वर्ष हो सकता है। डियरनेस अलाउंट (डीए), डियरनेस रिलीफ (डीआर), ट्रैवलिंग अलाउंस (टीए) और हाउस रेंटल अलाउंस (एचआरए) में हालिया बढ़ोतरी के बाद 2022 में केंद्रीय कर्मियों के लिए एक और अच्छी खबर आ रही है। मीडिया रिपोर्टों की मानें तो केंद्रीय कर्मचारियों को जनवरी 2022 में महंगाई भत्ते में एक और तीन प्रतिशत की बढ़ोतरी की संभावना है। ताजा डीए वृद्धि के साथ इन कर्मचारियों के वेतन में भारी इजाफा होगा।

एक हिंदी दैनिक की खबर के मुताबिक, डीए बढ़ने के बाद केंद्रीय कर्मचारियों के वेतन में करीब 20,000 रुपए की बढ़ोतरी हो जाएगी। हालांकि, हालांकि, महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी को लेकर सरकार की ओर से आधिकारिक तौर पर कुछ भी घोषित नहीं किया गया है और न ही सरकार की ओर से कोई बयान आया है कि डीए कब बढ़ाया जाएगा।

महंगाई भत्ते में इजाफे के अलावा केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए एक और खुशखबरी है। इस बीच, रिपोर्ट्स में यह भी कहा जा रहा है कि केंद्र फिटमेंट फैक्टर को बढ़ाने के लिए चर्चा कर रहा है। फिटमेंट फैक्टर बढ़ा तो कर्मचारियों की सैलरी अपने आप बढ़ जाएगी।

साल 2016 में केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए फिटमेंट फैक्टर बढ़ा दिया गया था। उस समय कर्मचारियों का मूल वेतन सीधे 6000 रुपए से बढ़ाकर 18,000 रुपए कर दिया गया था। अब केंद्र 2022 में केंद्रीय कर्मचारियों का वेतन बढ़ाने की योजना बना रहा है।

बता दें कि मौजूदा समय में केंद्रीय कर्मचारियों को 31% महंगाई भत्ता मिल रहा है। जुलाई और अक्टूबर में केंद्रीय कर्मचारियों के डीए में दो बार बढ़ोतरी की गई। केंद्र अगर कर्मचारियों के डीए में तीन फीसदी की बढ़ोतरी करता है तो उनके वेतन में काफी इजाफा हो जाएगा।

क्या होता है फिटमेंट फैक्टर?: यह वह कारक है जो केंद्रीय कर्मचारियों के वेतन में ढाई गुना से अधिक की वृद्धि करता है। सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों के अनुसार, केंद्रीय कर्मचारियों का वेतन भत्तों के अलावा उनके मूल वेतन और फिटमेंट फैक्टर द्वारा निर्धारित किया जाता है।