मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज ने एक और उपलब्धि हासिल की है। रिलायंस इंडस्ट्रीज ने ब्रिटेन की बीपी के साथ मिलकर अल्ट्रा डीप वॉटर गैस फील्ड आर-क्लस्टर से गैस का उत्पादन शुरू कर दिया है। एशिया के एनर्जी सेक्टर में पहली बार है जब किसी कंपनी ने काम किया है।
आपको बता दें कि यह रिलायंस और बीपी की तीन गहरे समुद्र की परियोजनाओं में से पहली परियोजना है। तीनों परियोजनाएं 2023 तक देश की 15 प्रतिशत गैस की मांग को पूरा कर सकती हैं। इस नई उपलब्धि के बाद रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने कहा कि बीपी के साथ भागीदारी पर हमें गर्व है। दोनों कंपनियों की विशेषज्ञता की वजह से हम गैस परियोजनाओं को तेजी से चालू कर पा रहे हैं। ये परियोजनाएं चुनौतीपूर्ण भौगोलिक और मौसमी परिस्थितियों के बीच स्थित हैं।
अंबानी ने आगे कहा कि यह देश के ऊर्जा क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। इसके जरिये हम स्वच्छ और हरित गैस आधारित अर्थव्यवस्था की ओर अग्रसर होंगे। कृष्णा गोदावरी बेसिन में अपने गहरे पानी के ढांचे के जरिये हम राष्ट्र की स्वच्छ ऊर्जा की बढ़ती जरूरतों को पूरा कर पाएंगे।
इस खबर के बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर में बढ़ोतरी देखने को मिली और एक बार फिर शेयर भाव 2 हजार रुपये के करीब पहुंच गया है। वहीं, मार्केट कैपिटल की बात करें तो 12.65 लाख करोड़ रुपये के स्तर पर है।
आपको बता दें कि रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर में बीते कुछ दिनों से गिरावट आई है। सितंबर के महीने में कंपनी का शेयर भाव 2300 रुपये के पार भी पहुंच चुका है। वहीं, मार्केट कैप भी 15 लाख करोड़ से ज्यादा रही है।