दुनिया के अमीरों की लिस्ट में देश के सबसे रईस शख्स मुकेश अंबानी दो पायदान खिसकते हुए छठे स्थान पर हैं। टेलिकॉम, रिटेल से लेकर पेट्रोकेमिकल तक के बिजनेस में दखल रखने वाले रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड समूह के मुखिया मुकेश अंबानी हाल ही में चौथे पायदान पर पहुंचे थे। फिलहाल उनकी संपत्ति 78.3 अरब डॉलर है। हालांकि इसके बाद भी भारत के वह सुपर अमीर बने हुए हैं। यहां तक कि देश के दूसरे सबसे अमीर शख्स शिव नाडर के मुकाबले उनकी संपत्ति 4 गुना ज्यादा है। आइए जानते हैं, दुनिया के अमीरों में किस नंबर पर हैं भारत के टॉप 10 रईस…
78वें नंबर पर शिव नाडर: हिंदुस्तान कंप्यूटर्स लिमिटेड (HCL) के मुखिया शिव नाडर की संपत्ति 17.9 अरब डॉलर है। भारत में अमीरों की सूची में वह दूसरे स्थान पर हैं, जबकि दुनिया की लिस्ट में 78वें नंबर पर हैं। विश्व के 100 अमीरों की सूची में शामिल होने वाले वह दूसरे भारतीय हैं।
भारत में तीसरे नंबर पर हैं दमानी: रिटेल मार्केट कंपनी एवेन्यू सुपरमार्ट्स लिमिटेड के मुखिया राधाकिशन दमानी 15.3 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ भारत के तीसरे सबसे अमीर शख्स हैं। हाल ही में वह दूसरे नंबर पर पहुंच गए थे, लेकिन एक बार फिर से तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं। दुनिया के अमीरों में वह 106वें पायदान पर हैं।
दुनिया के टॉप 100 अमीरों से बाहर गौतम अडानी: अडानी ग्रुप के चीफ और बीते दो दशकों से तेजी से कारोबारी जगत में उभरे गौतम अडानी की संपत्ति 13.7 अरब डॉलर है। देश के चौथे सबसे रईस गौतम अडानी दुनिया के अमीरों में 132वें नंबर पर हैं।
152वें नंबर पर वैक्सीन किंग: भारत के वैक्सीन किंग कहे जाने वाले साइरस पूनावाला की संपत्ति 11.8 बिलियन डॉलर है। सीरम इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया की स्थापना करने वाले साइरस पूनावाला भारत के अमीरों में 5वें और दुनिया में 152वें नंबर पर हैं। उनका सीरम इंस्टिट्यूट कोरोना पर भी वैक्सीन तैयार करने में जुटा है।
156वें नंबर पर उदय कोटक: कोटक महिंद्रा बैंक के मैनेजिंग डायरेक्टर उदय कोटक 11.3 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ भारत में छठे सबसे अमीर शख्स हैं। दुनिया के अमीरों में वह 156वें नंबर पर हैं।
एयरटेल के सुनील मित्तल: भारतीय एयरटेल के मुखिया सुनील मित्तल 10.2 अरब डॉलर की दौलत के साथ भारत के 7वें और दुनिया के 182वें सबसे अमीर हैं।
स्टील किंग लक्ष्मी मित्तल: 9.7 अरब डॉलर की संपदा के साथ भारत में 8वें और दुनिया में 192वें नंबर पर हैं।
दिलीप सांघवी: 8.9 अरब डॉलर की पूंजी के साथ दिलीप सांघवी भारत के 9वें सबसे अमीर शख्स हैं। दुनिया के रईसों में वह 207वें पायदान पर हैं।
कुमार मंगलम बिड़ला: आदित्य बिड़ला ग्रुप के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला 8.8 बिलियन डॉलर की संपत्ति के साथ दुनिया के अमीरों में 210वें नंबर पर बने हुए हैं।
