फोर्ब्स द्वारा जारी दुनिया के सबसे अमीर शख्सियतों की सूची में भारत के कई दिग्गजों ने अपनी जगह बनाई है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) सबसे अमीर इंडियंस की सूची में पहले पायदान पर हैं, जबकि दूसरे स्थान पर अडानी ग्रुप के प्रमुख गौतम अडानी (Gautam Adani) हैं।

मुकेश अंबानी एशिया के सबसे अमीर शख्सियत बने हुए हैं। मुकेश अंबानी की कुल संपत्ति 90.7 अरब डॉलर बताई गई है। अंबानी दुनिया के 10वें सबसे अमीर व्यक्ति हैं। जबकि, एशिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति गौतम अडानी की संपत्ति 90 अरब डॉलर है और दुनिया के सबसे अमीर व्यक्तियों की सूची में 11वें पायदान पर हैं।

फोर्ब्स द्वारा जारी टॉप 10 सबसे अमीर इंडियंस की सूची में एचसीएल टेक्नोलॉजिज लिमिटेड के संस्थापक शिव नादर तीसरे स्थान पर हैं। इस लिस्ट में पहले तीन पायदान पर पिछले साल के मुकाबले कोई बदलाव नहीं आया है। सायरस पूनावाला इस लिस्ट में चौथे स्थान पर हैं। इनकी कंपनी सीरम इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया ने कोरोना की वैक्सीन कोविशील्ड बनाई है। पूनावाला की कुल संपत्ति 24.3 अरब डॉलर बताई गई है।

इस सूची में पांचवें स्थान पर डीमार्ट के फाउंडर राधाकृष्ण दमानी हैं। पिछले वित्त वर्ष में दमानी ने दुनिया के 100 सबसे अमीर लोगों की लिस्ट में जगह बनाई थी। उनकी कुल संपत्ति 20 अरब डॉलर बताई गई है। आर्सेलर मित्तल के चेयरमैन लक्ष्मी मित्तल इस सूची में छठे स्थान पर हैं, जिनकी कुल संपत्ति 17.9 अरब डॉलर है।

ओपी जिंदल ग्रुप की सावित्री जिंदल इस लिस्ट में 7वें स्थान पर हैं और दुनिया के सबसे अमीर लोगों की सूची में 91वें स्थान पर हैं। उनकी कुल संपत्ति 17.7 अरब डॉलर बताई गई है। आदित्य बिड़ला ग्रुप के चेयरमैन कुमारमंगलम बिड़ला इस लिस्ट में 8वें स्थान पर हैं जिनकी कुल संपत्ति 16.5 अरब डॉलर है। दुनिया के सबसे अमीर व्यक्तियों की सूची में वे 109वें स्थान पर हैं।

सन फार्मा के दिलीप सिंघवी की कुल संपत्ति 15.6 अरब डॉलर है और वे सबसे अमीर व्यक्तियों की सूची में 115वें स्थान पर हैं। इसके अलावा कोटक महिंद्रा बैंक के उदय कोटक इस सूची में 10वें पायदान पर हैं। उदय कोटक की कुल संपत्ति 14.3 अरब डॉलर है। दुनिया के सबसे अमीर व्यक्तियों की सूची में उदय कोटक 129वें स्थान पर हैं।