Most Expensive Properties in the World: दुनिया में कुछ ऐसी प्रॉपर्टीज हैं जो बेहद आलीशान हैं। ऐसी संपत्तियां अद्वितीय समृद्धि और आर्किटेक्चर का शानदार नमूना हैं। आज हम बात करेंगे उन दो घरों के बारे में जो दुनिया में सबसे महंगे हैं। एक ऐसा महल जिसकी महारानी और महाराजाओं ने दुनियाभर के कई देशों पर शासन किया और ब्रिटेन को विश्व के सबसे ताकतवर देशों में शुमार किया। जबकि दुनिया का दूसरा सबसे महंगा घर भारत में है जो आधुनिक आर्किटेक्चर का एक जबरदस्त उदाहरण है और भारत के सबसे अमीर उद्योगपति मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) का निवास स्थान है।
इस आर्टिकल में हम बात करेंगे ब्रिटेन के राजमहल बकिंघम पैलेस (Buckingham Palace) और मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) के घर एंटीलिया की। आपको बताएंगे कि इन घरों में क्या है खास और कितनी है इनकी वैल्यू…
दुनिया की सबसे महंगी प्रॉपर्टीज (Most expensive properties in the world)
बकिंघम पैलेस (Buckingham Palace)
ब्रिटेन के लंदन में बना बकिंघम पैलेस दुनिया का सबसे महंगा घर है। जी हां, ब्रिटिश राजशाही का यह आधिकारिक घर और प्रशासनिक हेडक्वार्टर रहा है। सदियों से यह राजमहल ब्रिटिश राजतंत्र की प्रतिष्ठा का प्रतीक रहा है।
सबसे पहले 1705 में बने इस महल का कई बार पुनर्निर्माण किया जा चुका है। पिछले कई सालों में इस बकिंघम पैलेस का विस्तार भी हुआ है और हर बार वर्तमान जरूरत की हिसाब से इसमें बदलाव भी किए गए। ब्रिटेन के इस राजमहल में सुंदर बगीचे और मशहूर बालकनी हैं जहां शाही परिवार के लोग विशेष मौकों पर अपनी सार्वजनिक उपस्थिति दर्ज कराते रहे हैं।
इस महल में भव्य राजकीय कमरे, एक शानदारा आर्ट कलेक्शन और भव्य आयोजन स्थल हैं। यह महल एक लोकप्रिय पर्यटक आकर्षण भी है जहां मेहमान चेंजिंग ऑफ गार्ड समारोह देख सकते हैं और ब्रिटिश राजशाही के इतिहास और विरासत के बारे में ज्यादा जानकारी ले सकते हैं।
बकिंघम पैलेस दुनिया का सबसे महंगा घर है और Forbes के मुताबिक, इसकी कीमत 4900 मिलियन अमेरिकी डॉलर (410, 965, 219, 700 रुपये) है।
एंटीलिया (Antilia)
एंटीलिया, भारत के सबसे अमीर शख्स मुकेश अंबानी और उनके परिवार का निवास स्थान है। भारत की आर्थिक राजधानी कहे जाने वाले मुंबई शहर में इस 27 मंजिला इमारत को दुनिया की सबसे महंगी प्रॉपर्टी में गिना जाता है। 2006 से 2010 के बीच बनकर तैयार हुए इस मॉडर्न आर्किटेक्चर के इस नमूने में सभी आलीशान सुविधाएं हैं। इस बिल्डिंग में तीन हैलिपैड, 168 कारों के लिए एक गैराज, मल्टीपल स्विमिंग पूल, एक थिएटर और स्नो रूम है। सबसे खास बात है कि इस इमारत के टॉप-4 फ्लोर को एनर्जी सेविंग हैंगिग गार्डन के लिए रखा गया है।
यह भव्य और ऊंची इमारत 4,00,000 स्क्वायर फीट में फैली और इसकी ऊंचाई 568 फीट है। इस यूनीक डिजाइन वाली इमारत में हाई-एंड मटीरियल्स जैसे क्रिस्टल, मार्बल और मोतियों का इस्तेमाल किया गया है।
मुकेश अंबानी का यह दुनिया की दूसरी सबसे महंगी प्रॉपर्टी है और Forbes के मुताबिक, इसकी वैल्यू 2000 मिलियन अमेरिकी डॉलर (167,756, 606 रुपये) है।