दुनिया भर में महंगाई के कारण अर्थव्यवस्थाओं पर मंदी का खतरा मंडरा रहा है जिसके कारण शेयर बाजार में गिरावट का दौर जारी है और इसमें आम जनता के साथ-साथ दुनिया के बड़े उद्योगपतियों का तगड़ा नुकसान हो रहा है। ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स इंडेक्स के मुताबिक, दुनिया भर के शेयर बाजारों में हो रही गिरावट के कारण इस साल के शुरुआती छह महीनों के दौरान दुनिया के 500 सबसे अमीर व्यक्तियों को 1 ट्रिलियन डॉलर से भी अधिक का नुकसान हुआ है, इसमें दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति से लेकर एलन मस्क, मार्क जुकरबर्ग लेकर रिलायंस इंडस्ट्रीज के मालिक मुकेश अंबानी का नाम शामिल हैं।

मार्क जुकरबर्ग को हुआ सबसे ज्यादा नुकसान: ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक, इस साल दुनिया के सबसे अमीर व्यक्तियों की सूची में सबसे अधिक नुकसान फेसबुक के संस्थापक मार्क जुकरबर्ग को हुआ है। उनकी संपत्ति में 65.9 बिलियन डॉलर की कमी आई है। इस साल के शुरुआत में उनकी संपत्ति 126.4 बिलियन डॉलर की समाप्ति थी, जो अब घटकर 59.6 बिलियन डॉलर रह गई है।

जुकरबर्ग के बाद इस साल सबसे अधिक नुकसान दुनिया के 3 सबसे अमीर लोगों को हुआ है। तीनों की संपत्तियों में करीब 170 बिलियन डॉलर की कमी आई हैं। इस साल के शुरुआत में दुनिया के सबसे अमीर शख्स और टेस्ला के मालिक एलन मस्क की संपत्ति 270 बिलियन डॉलर थी, जो अब घटकर 210 बिलियन रह गई है। इसके बाद अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस की संपत्ति जो कि साल की शुरुआत में करीब 213 बिलियन डॉलर की थी, अब घटकर 123 बिलियन डॉलर रह गई है। वहीं, फ्रांस की लग्जरी समान बनाने वाली कंपनी एलएमवीएच के मालिक बर्नार्ड अरनॉल्ट की संपत्ति में 2022 की शुरुआत से अब तक 50.4 बिलियन डॉलर की कमी आ चुकी है।

मुकेश अंबानी को हुआ नुकसान: अंबानी इस साल उन गिने-चुने अमीर उद्योगपतियों में शामिल थे जिनकी संपत्ति में इस साल गिरावट नहीं हुई थी, लेकिन शेयर बाजार में चल रही मंदी ने उन्हें भी अपनी चपेट में ले लिया है। हालांकि दुनिया के अन्य बड़े उद्योगपतियों के मुकाबले उन्हें काफी कम नुकसान हुआ है। इस साल मुकेश अंबानी की संपत्ति में करीब 3.66 बिलियन डॉलर घटी है।

अडानी नंबर वन: इस साल दुनिया में संपत्ति बढ़ाने के मामले में अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी का नाम सबसे ऊपर है। इस साल उनकी संपत्ति में 22 बिलियन डॉलर का इजाफा हुआ है जो दुनिया में सबसे अधिक हैं।