Laxman Narasimhan Starbucks New CEO: अमेरिका की बहुराष्ट्रीय कॉफी कंपनी स्टारबक्स (Starbucks) ने भारतीय मूल के लक्ष्मण नरसिम्हन (Laxman Narasimhan) को अपना नया सीईओ बनाया है। नरसिम्हन स्टारबक्स के वर्तमान सीईओ हॉवर्ड शुल्त्स की जगह लेंगे। लक्ष्मण नरसिम्हन 1 अक्टूबर 2022 से स्टारबक्स की कमान संभालेंगे।
स्टारबक्स बोर्ड की अध्यक्ष मेलोडी हॉब्सन ने कहा स्टारबक्स के बोर्ड ने नरसिम्हन की सहायता के लिए शुल्त्स को अप्रैल 2023 तक अंतरिम सीईओ के रूप में बने रहने के लिए कहा है। द वॉल स्ट्रीय जर्नल के अनुसार नरसिम्हन सीईओ की भूमिका ग्रहण करेंगे और एक अप्रैल को कंपनी के बोर्ड में शामिल होंगे। गौरतलब है कि पांच दशक पुरानी स्टारबक्स कंपनी के दुनिया भर में 34,000 स्टोर हैं।
कई बड़ी कंपनियों के सीईओ रह चुके हैं: 55 वर्षीय लक्ष्मण नरसिम्हन ने इससे पहले इन्फामिल बेबी, ब्रिटेन स्थित रेकिट बेंकिजर ग्रुप पीएलसी, लिसोल और एनफैमिल बेबी फॉर्मूला के सीईओ के रूप में काम किया है। इसके अलावा वह पेप्सिको में ग्लोबल चीफ कमर्शियल ऑफिसर के तौर पर भी काम कर चुके हैं। 1993 से 2012 तक नरसिम्हन ने मैनेजमेंट कंसल्टेंसी फर्म McKinsey में काम किया है। 2012 में उन्होंने पेप्सिको ज्वाइन कर लिया था। यहां वे चीफ कर्मशियल ऑफिसर के पद पर रह चुके हैं। उन्होंने कंपनी के लैटिन अमेरिका, यूरोप और सब-सहारा अफ्रीका ऑपरेशन के सीईओ के रूप में भी काम किया।
नरसिम्हन ने परामर्श फर्म मैकिन्से एंड कंपनी में सीनियर पार्टनर के रूप में भी काम किया है, जहां उन्होंने अमेरिका, एशिया और भारत में उपभोक्ता, रिटेल और टेक्नोलॉजी पर काम किया है। 2019 में वो रेकिट बेंकिजर ग्रुप पीएलसी के सीईओ बने थे। नरसिम्हन ने सार्वजनिक क्षेत्र में विशेष रूप से स्किल बिल्डिंग और शिक्षा के क्षेत्रों में प्रोजेक्ट का नेतृत्व किया है। वो अमेरिकन नॉन-प्रॉफिट फॉरेन पॉलिसी एसोसिएशन और ब्रुकिंग्स इंस्टीट्यूशन के एक थिंक टैंक के फेलो हैं।
पुणे से की है मैकेनिकल इंजीनियरिंग: लक्ष्मण नरसिम्हन ने पुणे विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग कॉलेज से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिग्री हासिल की है। उन्होंने पेन्सिलवेनिया विश्वविद्यालय में द लॉडर इंस्टीट्यूट से जर्मन और इंटरनेशनल स्टडीज में एमए और पेन्सिलवेनिया विश्वविद्यालय के व्हार्टन स्कूल से बिजनेस में एमबीए किया है।
स्टारबक्स में मिलेगा 10 करोड़ से ज्यादा का वेतन: लक्ष्मण नरसिम्हन को ग्लोबल कंज्यूमर ब्रांडों का नेतृत्व करने का लगभग 30 वर्षों का अनुभव है। स्टारबक्स में उनको बतौर करीब 10 करोड़ 37 लाख 36 हजार 750 रुपए सालाना वेतन मिलेगा। वहीं, उनके स्टारबक्स से जुडने पर कंपनी की चेयरमैन मेलोडी हॉब्सन ने कहा कि कंपनी का मानना है कि हमें अपने अगले सीईओ के रूप में एक असाधारण व्यक्ति मिला है। स्टारबक्स की ओर से जारी एक बयान में बताया गया है कि नरसिम्हन लंदन से सिएटल शिफ्ट होंगे। जिसके बाद वो एक अक्टूबर से स्टारबक्स को सीईओ के तौर पर ज्वाइन करेंगे।