Lalu Prasad Yadav Birthday, His Net Worth: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख और पूर्व रेल मंत्री लालू यादव आज अपना 77वां जन्मदिन मना रहे हैं। आरजेडी प्रमुख ने अपने परिवार के साथ रात 12 बजे केक भी काटा जिनकी तस्वीरें सामने आई हैं। इन फोटोज में राजद सुप्रीमो अपनी बेटी रोहिणी आचार्य, बेटे तेज प्रताप यादव और पत्नी राबड़ी देवी के साथ नजर आ रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, लालू यादव आज (11 जून 2024) को अपने आवास पर कार्यकर्ताओं के साथ 77 पाउंड का केक काटेंगे। 11 जून 1948 को बिहार के गोपलगंज के फुलवरिया गांव में जन्मे लालू प्रसाद यादव का जन्मदिन इस बार काफी धूमधाम से मनाया जाएगा। आज हम आपको बताएंगे लालू यादव के परिवार में कौन कितना अमीर है? जानें उनकी संपत्ति के बारे में…
लालू यादव की संपत्ति
आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव ने साल 2009 में आखिरी बार चुनाव लड़ा था। और उस समय चुनाव आयोग को जमा किए हलफनामे में लालू ने अपनी संपत्ति 3 करोड़ 21 लाख रुपये थी। जबकि साल 2004 के चुनावी हलफनामे में आरजेडी प्रमुख ने अपनी संपत्ति 87 लाख 68 हजार रुपये बताई थी।
राबड़ी देवी की संपत्ति
बिहार की पूर्व सीएम और लालू यादव की पत्नी राबड़ी देवी ने2014 में आखिरी बार सारण से लोकसभा चुनाव लड़ा था। नामांकन के समय अपने चुनावी हलफनामे में उन्होंने अपनी चल और अचल संपत्ति 6.5 करोड़ रुपये बताई थी। इसके अलावा उनके पास कुल 45 गाय, 20 बछड़े और 50 कारतूस वाली एक डबल बैरल बंदूक भी है। इन सबकी कीमत मिलाकर करीब 19 लाख रुपये उस समय बताई गई थी।
तेजस्वी यादव की संपत्ति
लालू यादव के छोटे बेट तेजस्वी यादव ने साल 2020 में चुनाव आयोग को जमा किए हलफनामे में अपनी संपत्ति का खुलासा किया था। इस हलफनामे के मुताबिक, उनके पास 5 करोड़ 88 लाख 90 हजार 61 रुपये की संपत्ति थी। जबकि 2015 में उनके पास 2 करोड़ 32 लाख 56 हजार 322 रुपये की चल संपत्ति थी।
तेज प्रताप यादव की संपत्ति
लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने साल 2015 में चुनाव लड़ा था। उन्होंने अपने चुनावी हलफनामे में जानकारी दी थी कि उनके पास दो करोड़ 97 हजार रुपये हैं। जबकि 2020 में दाखिल चुनावी हलफनामे में उनके पास दो करोड़ 83 लाख रुपये की संपत्ति थी। इस हलफनामे के मुताबिक, उनके पास 1 करोड़ रुपये 22 लाख 97 हजार 825 रुपये की चल और 1 करोड़ 60 लाख 40 हजार 741 रुपये की अचल संपत्ति थी। उन पर 17 लाख से ज्यादा का लोन भी है।
तेज प्रताप यादव ने चुनावी हलफनामें अपने पास 25 हजार रुपये कैश होने की भी जानकारी दी थी। उनके पास एक बाइक भी है जिसकी कीमत करीब 15 लाख रुपये है। इसके अलावा उनके पास एक BMW कार भी है जिसका दाम करीब 29 लाख रुपये है। तेजप्रताप के पास करीब 100 ग्राम सोने के गहने भी हैं।
रोहिणी आचार्य की संपत्ति
लालू को किडनी दान करके चर्चा में आईं उनकी बेटी रोहिणी आचार्य डॉक्टर हैं। शादी के बाद सिंगापुर में शिफ्ट होने वालीं रोहिणी ने लोकसभा चुनाव 2024 सारण से लड़ा लेकिन हार गईं। उन्होंने अपने चुनावी हलफनामें में 2.99 करोड़ रुपये की चल और 12.82 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति बताई है। वहीं उनके पति के पास 6.92 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है। जबकि पति की अचल संपत्ति 12.94 करोड़ रुपये है। हलफनामे के मुताबिक, उनके पास 20 लाख रुपये और पति के पास 10 लाख रुपये कैश हैं।
रोहिणी आचार्य के नाम पांच बैंक खाते हैं। उनके पास 29.70 लाख रुपये के सोने के गहने और 3.85 लाख रुपये के चांदी के गहने हैं। वहीं उनके पति के पास 7 बैंक खाते हैं और 23.40 लाख रुपये के सोने और 2.80 लाख रुपये के चांदी के गहने हैं। हलफनामे के अनुसार आचार्य की अचल संपत्ति में 68.62 लाख रुपये की एक कमर्शियल प्रॉपर्टी भी है जो पटना में है। लालू यादव के परिवार में रोहिणी सबसे अमीर हैं।