Jio World Plaza Centre: रिलायंस इंडस्ट्रीज का Jio World Plaza मॉल 1 नवंबर से आम लोगों के लिए खुल गया है। यह मॉल मुंबई में आम लोगों के लिए शॉपिंग का नया डेस्टिनेशन बनेगा। देश के अन्य मॉल की तरह यहां लोग सिर्फ शॉपिंग ही नहीं करेंगे बल्कि लोगों के मनोरंजन से लेकर खाने पीने के लिए यहां अलग ही माहौल मिलेगा। यहां मल्टीप्लेक्स थियेटर और ग्लोबल रेस्टोरेंट के अलावा कई आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।

कहां स्थित है यह मॉल

Jio World Plaza मुंबई में बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) में मौजूद है। इसके पास ही नीता मुकेश अंबानी सांस्कृतिक केंद्र, जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर और जियो वर्ल्ड गार्डन भी हैं। इससे यह एक संपूर्ण डेस्टिनेशन बनती है।

क्या है खासियत

इस मॉल में 66 लक्जरी ब्रांड हैं। जिसमें बालेनियागा, जियोर्जियो अरमानी कैफे, पॉटरी बार्न किड्स, सैमसंग एक्सपीरियंस सेंटर, ईएल एंड एन कैफे, रिमोवा, वैलेंटिनो, टोरी बर्च, वाईएसएल, वर्साचे, टिफ़नी, लाडुरी,पॉटरी बार्न आदि शामिल हैं। वहीं यहां लुई वुइटन, गुच्ची, कार्टियर, बल्ली, जियोर्जियो अरमानी, डायर, वाईएसएल और बुलगारी जैसे अन्य प्रतिष्ठित ब्रांड भी देखने को मिलेंगे। इसके अलावा यहां मनीष मल्होत्रा, अबू जानी-संदीप खोसला, राहुल मिश्रा, फाल्गुनी और शेन पीकॉक और री बाय रितु कुमार जैसे प्रसिद्ध डिजाइनर भी शामिल होंगे।

शानदार है इंटीरियर

जियो वर्ल्ड प्लाजा चार लेवल्स का है। यह कुल 7.5 लाख वर्ग फुट में है। इसका इंटीरियर काफी आकर्षक है। इसमें अंदर कमल के फूल की आकृतियां बनी हुई हैं। इसनी ही नहीं खंभों पर भी शानदार नक्काशी देखने को मिलती है। इसके अलावा संगमगमर का काम भी काफी शानदार है। यहां लोगों को वीआईपी दरबान की भी सुविधा मिलेगी।