सरकार ने जुलाई 2022 के GST कलेक्शन के आंकड़े जारी कर दिए हैं। इस महीने में सरकार ने बड़ा कलेक्शन किया है। इस अवधि के दौरान सरकार ने करीब 1.49 लाख करोड़ रुपए की कमाई की है। यह कलेक्शन पिछले साल के जुलाई जीएसटी कमाई से 28 प्रतिशत अधिक है, जो 1,16,393 करोड़ रुपए था।
सोमवार को सरकार की ओर से जारी किए गए डाटा के अनुसार, वस्तु और सेवा कर का कलेक्शन इस साल का दूसरा सबसे बड़ा कलेक्शन है, जो 1,48,995 करोड़ रुपए है। इसमें CGST 25,751 करोड़ रुपए, SGST- 32,807 करोड़ रुपए, IGST से सरकार को 79,518 करोड़ रुपए मिले हैं, जिसमें 41,420 करोड़ रुपए का जीएसटी टैक्स वस्तुओं के इंपोर्ट पर मिला है। वहीं सरकार को 10,920 करोड़ रुपए सेस पर मिला है, जिसमें 995 करोड़ रुपए चीजों के आयात का कलेक्शन भी शामिल है।
जुलाई माह के दौरान 48% से अधिक का रिवन्यू वस्तुओं के इंपोर्ट पर और 22% से अधिक का कलेक्शन घेरलू लेनदेन, जिसमें सुविधाओं का भी आयात शामिल है, से हुआ है।
वित्त मंत्रालय ने कहा कि लगातार पांच महीनों से, मासिक जीएसटी राजस्व अधिक रहा है, जो हर महीने अधिक कमाई कर रहा है। जुलाई 2022 तक जीएसटी राजस्व में पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 28% की वृद्धि हुई है। मंत्रालय ने कहा कि आर्थिक सुधार के साथ बेहतर रिपोर्टिंग का लगातार आधार पर जीएसटी राजस्व पर सकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।
सरकार ने आईजीएसटी से 32,365 करोड़ रुपए सीजीएसटी और 26,774 करोड़ रुपए एसजीएसटी को तय किया है। नियमित निपटान के बाद जुलाई 2022 के महीने में केंद्र और राज्यों का कुल राजस्व सीजीएसटी के लिए 58,116 करोड़ रुपए और एसजीएसटी के लिए 59,581 करोड़ रुपए है। वहीं जून 2022 के महीने के दौरान, 7.45 करोड़ ई-वे बिल उत्पन्न हुए, जो मई 2022 में 7.36 करोड़ से थोड़ा अधिक था।
गौरतलब है कि इस साल अप्रैल में GST कलेक्शन ऑल टाइम हाई लेवल पर पहुंच चुका था, जिसके तहत सरकार को 1.68 लाख करोड़ रुपए मिले थे। ऐसे पहली बार हुआ था कि GST कलेक्शन ने 1.50 लाख करोड़ की आंकड़ा पार किया था।
