देश के दूसरे सबसे बड़े कारोबारी गौतम अडानी और उनके भाई की संपत्ति में जबरदस्त इजाफा हो रहा है। दुनिया के धनी लोगों की सूची तैयार करने वाली हुरुन ग्लोबल की रिपोर्ट से ये जानकारी मिली है।
ताजा आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2020 में गौतम अडानी की संपत्ति 32 अरब डॉलर तक पहुंच गई और दुनिया के अमीरों की सूची में उनका स्थान 20 पायदान चढ़कर 48 नंबर पर पहुंच गया। मुकेश अंबानी के बाद वह दूसरे सबसे अमीर भारतीय बन गए हैं। वहीं, गौतम अडानी के भाई विनोद की संपत्ति 128 प्रतिशत बढ़कर 9.8 अरब डॉलर हो गई।
विनोद अडानी ने अमेरिका से इंजीनियरिंग में मास्टर्स की डिग्री ली है। इकोनॉमिक्स टाइम्स के मुताबिक विनोद अडानी ने अपने पिता से प्रेरित होकर 1976 में मुंबई के भिवंडी में वीआर टेक्सटाइल के नाम से अपना व्यवसाय शुरू किया। 90 के दशक में वह सिंगापुर चले गए, यहां उन्होंने अपने कारोबार को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विस्तार किया। कुछ सालों बाद उन्होंने दुबई का रुख किया।
आपको बता दें कि वर्ष 2020 के दौरान भारत में 40 उद्यमी अरबपतियों की सूची में जुड़े हैं। ये वो दौर था जब देश कोरोना की दंश झेल रहा था। रिलायंस इंडस्ट्रीज के प्रमुख मुकेश अंबानी लगातार सबसे अमीर भारतीय बने हुये हैं। उनकी संपत्ति 24 प्रतिशत बढ़कर 83 अरब डालर पर पहुंच गई।
दुनिया के अरबपतियों की सूची में वह एक पायदान चढ़कर आठवें नंबर पर पहुंच गये। दूसरे स्थान पर गौतम अडानी तो वहीं, तीसरे स्थान पर 27 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ आईटी कंपनी एचसीएल के शिव नाडर रहे।