Gautam Adani Third Richest Person: ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स के ताजा आंकड़ों के मुताबिक गौतम अडानी अब दुनिया के तीसरे सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। गौतम अडानी की संपत्ति 137 बिलियन डॉलर हो गई है। 60 वर्षीय बिजनेस टाइकून अडानी सबसे अमीर व्यक्तियों की सूची में एलोन मस्क और जेफ बेजोस से पीछे हैं।
ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के अनुसार, यह पहली बार है जब किसी एशियाई व्यक्ति ने दुनिया के शीर्ष तीन सबसे धनी लोगों की सूची में जगह बनाई है। भारतीय बिजनेस टाइकून मुकेश अंबानी और चीनी कंपनी अलीबाबा समूह के जैक मा भी इस ऊंचाई तक नहीं पहुंचे हैं। गौतम अडानी, अडानी समूह के सह-संस्थापक हैं, जो देश का सबसे बड़ा पोर्ट ऑपरेटर है। इस समूह को देश का सबसे बड़ा कोयला ट्रेडर भी कहा जाता है। अडानी एंटरप्राइजेज द्वारा 31 मार्च 2021 तक 5.3 बिलियन डॉलर का राजस्व दर्ज किया गया।
टेल्सा के प्रमुख एलन मस्क की कुल संपत्ति 251 बिलियन डॉलर है। वहीं अमेज़ॅन के संस्थापक और सीईओ जेफ बेजोस की कुल संपत्ति 153 बिलियन डॉलर है। गौतम अडानी ने LVMH मोएट हेनेसी लुई वुइटन के सह-संस्थापक बर्नार्ड अरनॉल्ट को पीछे छोड़ दिया है, जिन्हें आमतौर पर LVMH के रूप में जाना जाता है। बर्नार्ड अरनॉल्ट लक्जरी फैशन में एक ग्लोबल लीडर हैं।
बता दें कि पिछले हफ्ते भी अडानी सुर्ख़ियों में थे। अडानी ग्रुप ने एक बयान जारी किया था कि अडानी फर्म भारत के शीर्ष समाचार नेटवर्क में से एक एनडीटीवी में 29 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल करने के लिए तैयार हैं। हालांकि एनडीटीवी ने कहा है कि यह सौदा बाजार नियामक सेबी की मंजूरी के अधीन है, जिसे समूह ने अस्वीकार कर दिया है।
गौतम अडानी ने अकेले 2022 में अपने खाते में 60.9 बिलियन डॉलर जोड़े हैं, जो किसी और की तुलना में पांच गुना अधिक है। उन्होंने पहली बार फरवरी में मुकेश अंबानी को सबसे अमीर एशियाई के रूप में पछाड़ दिया था। अप्रैल में उनकी संपत्ति 100 अरब डॉलर के पार चली गई और पिछले महीने उन्होंने दुनिया के चौथे सबसे अमीर व्यक्ति के रूप में माइक्रोसॉफ्ट के बिल गेट्स को पीछे छोड़ दिया था।