अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी अब दुनिया में छठे सबसे अमीर आदमी बन गये हैं। उन्होंने यह कीर्तिमान अडानी ग्रुप के शेयरों में तेजी के दम पर हासिल किया। ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक गौतम अडानी की संपत्ति 118 बिलियन डॉलर के करीब पहुंच गई है। इस लिस्ट में अडानी पहले 9 वें पायदान पर थे।
एक दिन में 65 हजार करोड़ बढ़ी संपत्ति: आज सोमवार को शेयर बाजार में अडानी ग्रुप के शेयरों में जोरदार तेजी हुई। जिस कारण गौतम अडानी की संपत्ति में एक दिन में करीब 8.57 बिलियन डॉलर (65,091) करोड़ रुपए का इजाफा हुआ। अडानी ग्रुप की कंपनियों जैसे अडानी ग्रीन एनर्जी, अडानी इंटरप्राइजेज, अडानी गैस और अडानी ट्रांसमिशन के शेयर के दाम में 16 फीसदी तक बढ़ गए। बता दें, अबू धाबी की इंटरनेशनल होल्डिंग कंपनी (IHC) ने शुक्रवार को अडानी ग्रुप की तीन ग्रुप कंपनियों अडानी इंटरप्राइजेज, अडानी ग्रीन एनर्जी और अडानी ट्रांसमिशन में 15 हजार करोड़ के निवेश का ऐलान किया था, जिसके बाद निवेशकों ने अडानी ग्रुप के शेयरों में जमकर खरीदारी की।
दुनिया में सबसे अधिक बड़ी संपत्ति: गौतम अडानी की संपत्ति में इस साल दुनिया में सबसे अधिक 41.6 बिलियन डॉलर बढ़ोतरी हुई है जबकि भारत के दूसरे सबसे अमीर कारोबारी मुकेश अंबानी की संपत्ति में इस साल करीब 7.45 बिलियन डॉलर का इजाफा हुआ है। मुकेश अंबानी 97.4 बिलियन डॉलर के साथ दुनिया के अमीरों की सूची में 11 वें स्थान पर है। ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक अडानी संपत्ति मामले में अंबानी से काफी आगे निकल चुके हैं उनके और अंबानी के बीच फासला करीब 20 बिलियन डॉलर से अधिक का हो चुका है।
100 बिलियन डॉलर क्लब में शामिल: पिछले हफ्ते अडानी भारत की ओर से 100 बिलियन क्लब में शामिल होने वाले पहले भारतीय बन गए थे। इससे पहले 2017 में अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस (176 बिलियन डॉलर) और 2020 में दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क (249 बिलियन डॉलर) ने यह उपलब्धि हासिल की थी। ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक मौजूदा समय में 9 लोग इस क्लब में शामिल है।
10 साल में 18 गुना हुई अडानी की संपत्ति: 2022 एम3एम हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट के अनुसार 10 सालों में अडानी की संपत्ति करीब 1830 फीसदी बढ़ी है जबकि इस दौरान अंबानी की संपत्ति में करीब 400 फीसदी का इजाफा हुआ है।