मार्केट कैपिटल के लिहाज से देश की सबसे बड़ी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज ने अपने कर्मचारियों को बड़ा तोहफा दिया है।
दरअसल, कंपनी ने अपने 2 लाख से ज्यादा कर्मचारियों को वित्त वर्ष 2021 के लिए बोनस और वेरिएबल पे दिया है। टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक रिलायंस इंडस्ट्रीज की ऑयल टू केमिकल और कंज्यूमर (रिटेल व टेलिकॉम) समेत 5 कैटेगरी में कर्मचारियों को वेरिएबल पे का भुगतान किया गया है। हाल ही में कंपनी ने अपने नतीजे जारी किए हैं। इन नतीजों में दावा किया गया है कि रिलायंस ने बीते वित्त वर्ष में 75 हजार नई नौकरियां दी हैं।
गुजरे वित्त वर्ष में ही कंपनी के इंप्लॉई बेनिफिट्स खर्च 5 फीसदी बढ़कर 14817 करोड़ रुपये के हो गए। इसके साथ ही ये भी बताया गया कि वित्त वर्ष 2020-21 में रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड का मुनाफा 35 फीसदी बढ़कर 53,739 करोड़ रुपये रहा है। ये मुनाफा ऐसे समय में हुआ है जब एक साल से भी ज्यादा समय से देश कोरोना की चपेट में है और इस वजह से कारोबार और रोजगार बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
मुकेश अंबानी ने नहीं ली थी सैलरी: बीते वित्त वर्ष में कोरोना महामारी का हवाला देते हुए मुकेश अंबानी ने सैलरी नहीं ली थी। आपको यहां बता दें कि मुकेश अंबानी को करीब 14 साल से 15 करोड़ रुपये तक का मेहनताना मिलता है। हालांकि, पिछले साल उन्होंने इसे नहीं लेने की बात कही थी।
मुनाफे में है कंपनी: वित्त वर्ष 2020-21 की जनवरी-मार्च तिमाही में रिलायंस इंडस्ट्रीज को डबल से भी ज्यादा का मुनाफा हुआ है। इस दौरान रिलायंस इंडस्ट्रीज का मुनाफा 13,227 करोड़ रुपये रहा।
रिटेल और टेलीकॉम के अलावा पेट्रोकेमिकल्स क्षेत्र में तिमाही आधार पर सुधार से कंपनी का लाभ बढ़ा है। हालांकि रिफाइनिंग कारोबार में सुस्ती जारी है। (ये पढ़ें-इस कंपनी को हो गया 500 करोड़ का बड़ा नुकसान, मुकेश अंबानी ने लगाया है दांव)
मार्केट कैपिटल में बड़ी कंपनी: आपको बता दें कि रिलायंस इंडस्ट्रीज मार्केट कैपिटल के लिहाज से देश की सबसे बड़ी कंपनी है। रिलायंस कैपिटल का मार्केट कैपिटल 12 लाख 15 हजार करोड़ रुपये के करीब है। ये स्तर बीते दो दिनों के गिरावट के बाद देखने को मिला है। सिर्फ दो दिनों के भीतर रिलायंस के निवेशकों को 30 हजार करोड़ से ज्यादा का नुकसान हो चुका है।