China Property Crisis: चीन में चल रहा रियल एस्टेट क्राइसिस अब वहां की आम जनता और व्यापारियों के साथ अमीर लोगों पर भी नकारात्मक प्रभाव डाल रहा है। इस कारण से एशिया के सबसे अमीर महिला की संपत्ति में बीते एक साल में 50 फीसदी से अधिक की गिरावट हो चुकी है।  ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक, चीन की बड़ी रियल एस्टेट कंपनी कंट्री गार्डन की मालिक और एशिया की सबसे अमीर महिला यांग हुइयान की संपत्ति 52 फीसदी घटकर 11.3 बिलियन डॉलर पर आ गई है जोकि एक साल पहले 23.7 बिलियन डॉलर थी।

हुइयान की संपत्ति में गिरावट की बड़ी वजह उनकी कंपनी के शेयरों की कीमत में बड़ी गिरावट आना है। बीते बुधवार को चीनी रियल एस्टेट क्राइसिस के कारण उनकी कंपनी के शेयर में 15 फीसदी की गिरावट आई थी।

कंट्री गार्डन को यांग के पिता यांग गुओकियांग ने शुरू किया था, जिसके बाद 2005 में उन्होंने अपनी बेटी को कंपनी के सभी शेयर सौंप दिए थे और तब से ही यांग दुनिया के सबसे अमीर लोगों की लिस्ट में बनी हुई हैं।

छिन सकता है दुनिया की सबसे अमीर महिला का ताज

यांग से एशिया की सबसे अमीर महिला का खिताब छिनने का खतरा मंडरा रहा है। ऐसा इसलिए कह रहे हैं क्योंकि चीन की ही केमिकल कारोबारी फैन होंगवेई की संपत्ति अब बढ़कर 11.2 बिलियन डॉलर हो गई है।

चीन का रियल एस्टेट क्राइसिस

चीन का रियल एस्टेट सेक्टर इन दिनों अत्यधिक कर्ज के चलते नकदी के संकट से जूझ रहा है। चीन के कई प्रांतों में बिल्डर किसानों को फल-सब्जियां आदि के बदले घर बेच रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आर्थिक संकट के कारण पूरे देश में घरों की कीमतों में बड़ी गिरावट आ गई और कई प्रांतों में देखा रहा है कि लोग घर गिरवी रखकर लिए गए कर्ज का भुगतान नहीं कर रहे हैं क्योंकि उनके घरों की कीमत उनके द्वारा लिए गए कर्ज की तुलना में भी काफी कम हो गई है।