TVS Apache RTR 200 Ethanol Powered: देश की प्रमुख वाहन निर्माता कंपनी TVS Motors ने घरेलु बाजार में देश की पहली इथेनॉल से चलने वाली नई बाइक TVS Apache RTR 200 को लांच किया है। बेहद ही आकर्षक लुक और दमदार इंजन क्षमता से सजी इस बाइक की कीमत 1.20 लाख रुपये तय की गई है। ये सामान्य पेट्रोल वर्जन के मुकाबले तकरीबन 9,000 रुपये महंगी है।
कंपनी द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार फिलहाल ये बाइक महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और कर्नाटक में बिक्री के लिए उपलब्ध होगी। इस बाइक को सामान्य रेगुलर पेट्रोल से नहीं चलाया जा सकता है। इसके लिए आपको जिस फ्यूल की जरुरत है फिलहाल अभी वो फ्यूल आसानी से उपलब्ध भी नहीं है। कंपनी ने TVS Apache RTR 200 को पहली बार 2018 ऑटो एक्सपो में प्रदर्शित किया था।
इस बाइक को बाजार में लांच करने के दौरान टीवीएस मोटर कंपनी के अध्यक्ष, वेणु श्रीनिवासन ने कहा, “TVS Motors का मानना है कि इथेनॉल पर आधारित उत्पाद हमारे ग्राहकों के लिए एक महत्वपूर्ण विकल्प हैं। इथेनॉल के प्रयोग से हम बिना परफॉर्मेंस में कोई कमी किए बड़े ही आसानी से कम लागत में वाहन चला सकते हैं। इससे पर्यावरण को भी खासा लाभ होगा और इसका ईंधन हमे आसानी से मिल भी जाएगा।
आखिर क्या है इथेनॉल: इथेनॉल एक अति ज्वलनशील पदार्थ है, ये एक तरह का एल्कोहल होता है जिसे पेट्रोल में मिलाकर गाड़ियों में फ्यूल की तरह इस्तेमाल किया जा सकता है। हालांकि इथेनॉल का मुख्य स्त्रोत गन्ना है इससे निकलने वाले रस को फर्मेंटेशन विधि द्वारा इथेनॉल को तैयार किया जाता है। गन्ने के अलावा शर्करा वाली अन्य फसलें जैसे मक्का और गेहूं से भी इसे तैयार किया जा सकता है।
हमारे देश में ये फसलें पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। ऐसे में बायो फ्यूल (पेट्रोल, डीजल) पर निर्भर होने के बजाय इसका उपयोग करना ज्यादा आसान और किफायती है। इथेनॉल पूरी तरह से बायोडिग्रेडेबल है इसमें विषाक्तता भी काफी कम होती है। हालांकि उर्जा के मामले में ये सामान्य पेट्रोल के मुकाबले थोड़ा धीमा होता है। सामान्य तौर पर पेट्रोल के मुकाबले ये प्रति यूनिट 35 प्रतिशत तक कम उर्जा उत्पन्न करता है।
कैसी होगी पॉवर: सामान्य तौर पर TVS Apache RTR 200 में जो इंजन प्रयोग किया गया है 197cc की क्षमता का है और ये 8500rpm पर 21hp की पावर और 18.1Nm का टॉर्क जेनरेट करता है। लेकिन इथेनॉल से संचालित किए जाने के बाद इसकी पॉवर में बेशक कमी आएगी। जैसा कि हमने आपको बताया कि, अभी देश में इथेनॉल का पंप भी उपलब्ध नहीं है। इस बाइक को सौ फीसदी इथेनॉल या फिर 20 प्रतिशत पेट्रोल और 80 प्रतिशत इथेनॉल के मिश्रण से चलाया जा सकता है।
हालांकि इथेनॉल की कीमत पेट्रोल के मुकाबले काफी कम होती है। लेकिन यह इस पर निर्भर करेगा कि देश भर में इसके पंप कितनी सुगमता से उपलब्ध होते हैं। फिलहाल इथेनॉल के पंप्स को शुरु करने की कवायद हो रही है। यही कारण है कि कंपनी ने इस बाइक को पूरे देश में लांच नहीं किया है। इसे उन्हीं बाजार में उतारा गया है जहां पर गन्ने की खेती सबसे ज्यादा होती है। उत्तर प्रदेश को चीनी का कटोरा कहा जाता है, यहां पर गन्ने का उत्पादन सबसे ज्यादा होता है।
देश में ये एक नई शुरुआत है और टीवीएस मोटर्स ने अपनी नई अपाचे से इसकी कवायद कर दी है। दुनिया के कई देशो में इथेनॉल का प्रयोग वाहन में किया जाता है। अकेले ब्राजील में तकरीबन 40 प्रतिशत गाड़ियां इथेनॉल से चलती हैं। इसके अलावा स्वीडन और कनाडा जैसे देशों में भी इथेनॉल का प्रयोग वाहनों में तेजी से किया जा रहा है। यहां तक की कनाडा की सरकार इथेनॉल के इस्तेमाल पर बाकायदा सब्सिडी भी देती है। जब इथेनॉल के पंप शुरु किए जाएंगे उस वक्त इसकी कीमत 50 से 55 रुपये प्रतिलीटर होने की उम्मीद है।