Toyota Ultra Compact Battery Electric Car: जापानी वाहन निर्माता कंपनी Toyota ने आगामी टोक्यो मोटर शो के शुरु होने से पहले ही अपने एक नए कॉन्सेप्ट व्हीकल को पेश किया है। इस बार कंपनी ने अपनी नई अल्ट्रा कॉम्पैक्ट बैटरी इलेक्ट्रिक व्हीकल (BEV) से पर्दा उठाया है। आकार में बेहद ही छोटी और बैटरी से चलने वाली इस कार में कंपनी ने दो दरवाजों का प्रयोग किया है। फिलहाल इसके कॉन्सेप्ट वर्जन को पेश किया गया है जिसे जल्द ही बाजार में बिक्री के लिए भी लांच किया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक Toyota की इस अल्ट्रा कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक कार में दो सीट दिए गए हैं और इसे पहले टोक्यो मोटर शो में पेश किया जाएगा उसके बाद 2020 तक इसे जापानी बाजार में बिक्री के लिए लांच किया जाएगा। कंपनी ने इस छोटी कार को जापान के भीड़ भाड़ वाले ट्रैफिक और रोजमर्रा की छोटी जरूरतों के लिए तैयार किया है।
कंपनी का मानना है कि लोग कम दूरी के लिए अपनी जरूरतों को पूरी करने के लिए इस छोटी कार का इस्तेमाल कर सकेंगे। हालांकि कंपनी इसके बैटरी और अन्य तकनीकी विवरणों के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। लेकिन कंपनी का दावा है कि ये छोटी कार सिंगल चार्ज में 100 किलोमीटर तक का सफर करेगी। इसके अलावा इसकी टॉप स्पीड 60 किलोमीटर प्रतिघंटा है।
Toyota इलेक्ट्रिक वाहनों के प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए इस छोटी कार को बतौर सिटी कार पेश करेगी। इसे सबसे पहले आगामी 24 अक्टूबर से आयोजित होने वाले टोक्यो मोटर शो में प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अलावा 2020 तक कंपनी इसके प्रोडक्शन वर्जन को भी बिक्री के लिए बाजार में उतार देगी।