Top 5 Best Selling Cars: देश के ऑटो इंडस्ट्री के लिए बीता त्योहारी सीजन खासा खुशगवार रहा, लंबे समय से मंदी से जूझ रहे वाहन निर्माताओं ने आखिरकार राहत की सांस ली है। बीते अक्टूबर महीने में देश की टॉप 5 बेस्ट सेलिंग कारों की सूची में एक बार फिर से Maruti Suzuki का जलवा रहा है वहीं दूसरी तरफ नई नवेली MG Hector और KIA Seltos ने भी बेहतर प्रदर्शन किया है। तो आइये जानते हैं अक्टूबर महीने में सबसे ज्यादा बेची जाने वाली कारों के बारे में —
अक्टूबर 2019 के सेल्स आकड़ों के अनुसार Maruti Suzuki की लोकप्रिय सिडान कार Dzire ने एक बार फिर से अपना जलवा दिखाया है और बीते महीने सबसे ज्यादा बेची जाने वाली कारों की फेहरिस्त में पहले पायदा पर रही है। बीते अक्टूबर महीने में कंपनी ने डिजायर की 19,569 यूनिट्स की बिक्री की है जो कि पिछले सात महीनो में सबसे ज्यादा है।
वहीं दूसरी सबसे ज्यादा बेची जाने वाली कार के तौर पर Swift शामिल हुई है। कंपनी ने अक्टूबर महीने में इस कार के 19,401 यूनिट्स की बिक्री की है। मारुति की सबसे सस्ती कार Alto इस महीने कुछ खास कमाल नहीं कर सकी और नीचे खिसकते हुए तीसरे पायदान पर आ पहुंची है। कंपनी ने बीते अक्टूबर महीने में Alto के कुल 17,903 यूनिट्स की बिक्री की है।
इसके अलावा मारुति सुजुकी की प्रीमियम हैचबैक कार Baleno इस महीने में 16,237 यूनिट्स के साथ चौथे पायदान पर रही है। Baleno की लोकप्रियता अभी भी बरकरार है, Toyota Glanza के बाजार में उतारे जाने के बाद भी लोग बलेनो को ज्यादा पसंद कर रहे हैं। बता दें कि, Glanza को बलेनो के ही प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है।
बीते अक्टूबर महीने में टॉप 5 बेस्ट सेलिंग कारों की सूची में पांचवे स्थान पर दक्षिण कोरिया की वाहन निर्माता कंपनी Hyundai की Elite i20 ने जगह बनाई है। कंपनी ने अक्टूबर महीने में कुल 14,683 यूनिट्स की बिक्री दर्ज की है।