नई दिल्ली। Royal Enfield ने हाल ही में भारतीय बाजार में अपनी दो नई बाइक्स Interceptor 650 और Continental GT 650 को लांच किया था। दोनों ही बाइक्स ने अपने सेग्मेंट में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। लेकिन अब खबर मिली है कि कंपनी इन दोनों बाइक्स की कीमत बढ़ाने वाली है। जानकारी के अनुसार इनकी कीमत में 20,000 रुपये तक का इजाफा किया जा सकता है।
बता दें कि, ये दोनों बाइक्स् तीन अलग अलग वैरिएंट्स में उपलब्ध हैं, जिसमें स्टैंडर्ड, कस्टम और क्रोम शामिल है। इन सभी वैरिएंट्स की कीमत में बढ़ोत्तरी की जा सकती है। हालांकि अभी इसके बारे में कोई भी आधिकारिक सूचना नहीं दी गई है। ये खबर गाड़ी वाड़ी में छपी रिपोर्ट पर आधारित है।
रॉयल एनफील्ड की ये दोनों बाइक्स लोगों को खासी पसंद आ रही हैं। इस बात का अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि, इनका वेटिंग पीरियड अलग अलग वैरिएंट्स पर 3 से 6 महीने तक का है। कंपनी ने इन दोनों बाइक्स को पिछले साल नवंबर में लांच किया था, और ये दोनों 650 सीसी सेग्मेंट की सबसे किफायती बाइक्स हैं।
Interceptor 650 की शुरुआती कीमत 2.70 लाख रुपये है वहीं Continental GT 650 की शुरूआती कीमत 2.85 लाख रुपये से लेकर 3.05 लाख रुपये तक है। ये सभी कीमतें एक्सशोरूम दिल्ली के अनुसार दिए गए हैं। बता दें कि, दोनों बाइक्स में कंपनी ने 648 CC की क्षमता का आयल कूल्ड इंजन का प्रयोग किया है। जो कि 47 bhp की पावर और 52 NM का टॉर्क जेनरेट करता है।
रॉयल एनफील्ड ने इन दोनों बाइक्स को ग्लोबल मॉडल के तौर पर पेश किया था। इनको खास क्लासिक रेट्रो डिजाइन दिया गया है। इसके अलावा इनका परफॉर्मेंस भी काफी बेहतर है। भारतीय बाजार के अलावा विदेशों में भी ये दोनों बाइक्स खासी मशहूर हैं। यहां पर ये बाइक्स अपने प्राइस सेग्मेंट में KTM Duke 390 ABS और Kawasaki Ninja 300 को टक्कर देती हैं। जिनकी कीमत क्रमश: 2.44 लाख रुपये और 3.61 लाख रुपये है।

