भारतीय ऑटोमोबाइल इंजीनियरिंग और मेक इन इंडिया पहल के लिए ये वास्तव में गौरव का क्षण है। ऐसा पहली बार है जब भारत में बने किसी वाहन को विदेशी राष्ट्रपति के काफिले में शामिल किया गया है। महिंद्रा एंड महिंद्रा की मालिकाना हक वाली कंपनी Peugeot Motorcycles (PMTC) की इलेक्ट्रिक स्कूटर E-Ludix को फ्रांस के राष्ट्रपति के फ्लीट यानी काफिले में शामिल किया गया है। महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने खुद ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी है।
बता दें कि, मशहूर वाहन निर्माता कंपनी Mahindra ने Peugeot Motorcycles (PMTC) को 2015 में अधिकृत किया था। E-Ludix विश्व का पहला इलेक्ट्रिक स्कूटर है जो फ्रांस राष्ट्रपति के फ्लीट में शामिल किया गया है। इस स्कूटर को मेक इन इंडिया स्कीम के तहत तैयार किया गया स्कूटर है जो अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर इस्तेमाल किया जा रहा है।
E-Ludix इलेक्ट्रिक स्कूटर का निर्माण कंपनी ने मध्य प्रदेश के पीथमपुर में स्थित प्लांट में किया है। वही से इसको आगे फ्रांस और अन्य देशो में एक्सपोर्ट किया जाता है। हाल ही में Mahindra ने घोषणा की थी कि वह Peugeot के बिज़नेस को बढ़ाने के लिए 110 करोड़ रुपये का निवेश करेगी और आनेवाले समय में 7 नए प्रोडक्ट्स को बाजार में उतारेगी।
Peugeot E-Ludix में कंपनी ने 3kW की क्षमता का मोटर प्रयोग किया है। इस स्कूटर का कुल वजन लगभग 85 किलोग्राम है। इसके अलावा ये स्कूटर 45 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से दौड़ सकती है। कंपनी का दावा है कि ये स्कूटर सिंगल चार्ज में 50 किलोमीटर तक का सफर कर सकती हैं। इस स्कूटर के बैटरी को फुल चार्ज होने में महज 3 घंटे का समय लगता है।