Most Traffic cities in India : भारत में सड़कों पर निकलने से पहले ट्रैफिक आज एक आम समस्या बन गया है और साल दर साल दुनिया के कुछ प्रमुख शहरों में भी यातायात लगातार खराब होता जा रहा है, जिसके पीछे बड़ा कारण वाहनों की संख्या का बढ़ना है। हालांकि भारत में आज भी संयुक्त राज्य अमेरिका और चीन की तुलना में गाड़ियां कम बेची जाती हैं। बावजूद इसके भारत में सबसे खराब ट्रैफिक रहता है।
एक प्रमुख वाहन नेविगेशन कंपनी TomTom ने 57 देशों के 416 शहरों को शामिल करते हुए अपना वार्षिक ट्रैफिक इंडेक्स जारी किया है। जिसके अनुसार भारत ट्रैफिक की समस्या से सबसे ज्यादा प्रभावित होने वाले देशों में से एक है। वहीं इस इंडेक्स में 10 सबसे भीड़भाड़ वाले शहरों में से 4 शहर भारत के हैं, जिनमें बेंगलुरु, दिल्ली, मुंबई और पुणे शामिल हैं।
बता दें, TomTom पिछले 9 सालों से ट्रैफिक इंडेक्स को जारी करता है। इस साल जारी किए इंडेक्स में यातायात में सबसे खराब हालत भारत के आईटी हब बेंगलुरु की है। जिसमें यातायात की भीड़ 71% है। टॉमटॉम ट्रैफिक इंडेक्स ने यह भी खुलासा किया कि 20 अगस्त 2019 कुल 103% भीड़ के साथ सबसे खराब दिन रहा था। वहीं 6 अप्रैल 2019 को 30% भीड़ के साथ सबसे अच्छा दिन था।
बेंगलुरु के समान ही इस सूची में मनीला, फिलीपींस में भी 71% यातायात भीड़ रही है। बता दें, यातायात के सबसे खराब पांच प्रभावित शहरों में मुंबई चौथे और पुणे पांचवें स्थान पर रहा है। जबकि बोगोटा, कोलंबिया तीसरे स्थान पर रहे है। इसके साथ ही भारत की राजधानी दिल्ली 8 वें स्थान पर रही।
यहां दिलचस्प बात यह है कि इस इंडेक्स में शामिल यातायात में खराब रहे सभी चार भारतीय शहरों में से दिल्ली में सबसे अधिक गाड़ियां हैं। बता दें, इस प्रतिशत का मतलब है, कि इन शहरों में जानें में जो समय लगता है वह यातायात के खराब होने से इतना प्रतिशत बढ़ जाता है।