Indian Army Vehicles: आज देश 74वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है, ऐसे में देश की सेना और उनके साजो सामान की चर्चा करना बेहद ही जरूरी हो जाता है। हाल ही में इंडियन एयरफोर्स के दस्ते में राफेल लड़ाकू विमानों को शामिल किया गया है। जिनके बारे में हमने इससे पहले विस्तार से बताया था। लेकिन इंडियन एयरफोर्स के साथ ही भारतीय थल सेना के पास भी एक से बढ़कर एक दमदार बख्तरबंद वाहनों का जखीरा है जो दुश्मनों के दांत खट्टे करने में माहिर हैं।

इन वाहनों की सबसे खास बात ये है कि इनका निर्माण देश की ही प्रमुख वाहन निर्माता कंपनियों जैसे टाटा मोटर्स और महिंद्रा एंड महिंद्रा ने किया है। ये कंपनियां भारतीय सेना को यह वाहन सप्लाई करती हैं जिनका इस्तेमाल सेना बॉर्डर से लेकर अन्य कामों में करती है। तो आइये जानते हैं Tata Motors और Mahindra की उन गाड़ियों के बारे में –

Tata Motors (WHAP): भारतीय सेना का ये वाहन भी बेहद ही शानदार है। ये वाहन सड़क, पानी और वार जोन में भी आसानी से चलाया जा सकता है। इसमें प्रॉपेलर का प्रयोग किया गया है जो कि इसे पानी के सतह पर चलने के लिए उपयुक्त बनाता है। इसके अलावा इसमें एक साथ 12 जवानों को एक जगह से दूसरी जगह ले जाया जा सकता है।

Tata Motors WHAP को दुर्गम से दुर्गम रास्तों पर आसानी से चलाया जा सकता है।

Armored Tata Safari: देश की सबसे बड़ी वाहन​ निर्माता कंपनी टाटा मोटर्स ने अपनी लोकप्रिय एसयूवी Tata Safari के सशस्त्र यानी कि Armored वर्जन को तैयार किया है। ये एसयूवी सामान्य सफारी से काफी अलग दिखती है। इसमें एनआईजे लेवल 3 बुलेट प्रूफिंग मैटेरियल का प्रयोग किया गया है। इसकी बॉडी एफएमजे कोर रायफल के .308 एमएम और 7.62 एमएम की बुलेट को भी आसानी से झेल सकती है। इसकी बॉडी को काफी मजबूत बनाया गया है और इसमें चौड़े टायर का इस्तेमाल किया गया है जो कि किसी भी तरह की सड़क पर दौड़ने में सक्षम हैं।

Tata Safari का रेगुलर मॉडल भारतीय बाजार में बेहद ही लोकप्रिय रहा है।

Tata Light-Strike SUV: टाटा मोटर्स इस समय भारतीय सेना के लिए एक लाइट स्ट्राइक एसयूवी का निर्माण कर रही है। अभी इस एसयूवी पर काम किया जा रहा है फिलहाल अभी इसे दस्ते में शामिल नहीं किया गया है। लेकिन बहुत जल्द ही इस एसयूवी को भी भारतीय सेना के दस्ते में शामिल कर दिया जाएगा। ऐसा माना जा रहा है कि इस एसयूवी को टाटा नेक्सन के प्लेटफॉर्म पर ही तैयार किया जाएगा।

Tata Light Strike पर अभी काम किया जा रहा है।

इसके छत पर एक MMG भी लगाया गया है जो कि 7.62 मिमी राउंड और 40 मिमी एजीएल और एटीजीएल के साथ लगाया जाएगा। इसके अलावा इसमें स्वचालित ग्रेनेड लांचर का भी उपयोग किया जा सकता है। इस SUV में STANAG 4569 रेटेड बुलेट प्रूफिंग की गई है जो कि तकरीबन 100 मीटर की दूरी से भी रायफल की फायरिंग को झेल सकती है।

Mahindra Axe Defense में मर्सडीज बेंज का ट्रांसमिशन गियरबॉक्स लगाया गया है।

Mahindra Axe Defense Vehicles: देश की प्रमुख एसयूवी वाहन निर्माता कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा ने भी भारतीय सेना को कई बेहतरीन वाहनों को सौंपा है। इसमें महिंद्रा एक्स भी एक शानदार बख्तरबंद वाहन है। इसमें 140 हॉर्स पॉवर की 4 सिलेंडर युक्त इंजन का प्रयोग किया गया है। इसमें मर्सडीज बेंज का ट्रांसमिशन गियरबॉक्स लगाया गया है। ये वाहन आसानी से आॅटोमेटिक रायफल के फायरिंग को झेलने में सक्षम है।

Mahindra Defence Systems द्वारा इस वाहन को 26/11 हमले के बाद दस्ते में शामिल किया गया था।

Mahindra Marksman APC: महिंद्रा मार्क्समैन एक 4+2 सीटर बख्तरबंद वाहन है। इसे एक टैंक और एसयूवी के डिजाइन को मिलाकर बनाया गया है। ये एसयूवी प्वाइंट ब्लैक रेंज और ग्रेनेड के हमले को भी आसानी से झेल सकता है। इसका प्रयोग सीमा सुरक्षा और दंगों आदि के रोकथाम के लिए किया जाता है। इस एसयूवी में मशीन गन भी लगाया गया है और इसे पांच तरफ से सशष्त्र किया गया है। ये दो अलग अलग इंजन विकल्पों के साथ उपलब्ध है एक में कंपनी ने 2.6 लीटर की क्षमता का इंजन प्रयोग किया है और दूसरे में 2.2 लीटर की क्षमता का इंजन प्रयोग किया गया है।