Hydrofoiler XE-1 Electric Bike: आपने अब तक पानी पर नाव या फिर किस क्रूज शिप को ही दौड़ते देखा होगा, लेकिन अब पानी पर किसी मछली की तरह सरपट दौड़ने वाली बाइक भी आ गई है। ये इलेक्ट्रिक बाइब पानी के सतह पर तकरीबन 20 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से दौड़ सकती है। बीते दिनों न्यूजीलैंड की स्टार्ट अप कंपनी Manta5 ने लॉस वेगस में आयोजित कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक शो (CES) के दौरान अपनी इस इलेक्ट्रिक बाइक Hydrofoiler XE-1 को पेश किया है।
देखने में ये किसी साइकिल की तरह दिखती है, इसमें इलेक्ट्रिक मोटर का प्रयोग किया गया है। कंपनी का दावा है कि ये बाइक पानी की सतह पर आसानी से 12 मील प्रतिघंटा (20 KMPH) की रफ्तार से दौड़ सकती है। इसमें पहियों की जगह पर हाइड्रोफॉयल्स का प्रयोग किया गया है। इसके अलावा इसमें प्रोपेलर भी लगाया गया है, जो कि इस बाइक को पानी के सतह पर दौड़ने मदद करता है। इसमें दिया गया पैडल प्रोपेलर को घुमाता है।
इस डिजाइन काफी हद तक वर्कआउट करने वाली साइकिल से प्रेरित है, लेकिन इसमें बिल्कुल ही अलग तकनीक का प्रयोग किया गया है। कंपनी द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार ये इलेक्ट्रिक बाइक सामान्य साइकिल की तरह सड़क पर भी चल सकती है और पानी के सतह पर भी। इसे सामान्य तालाब, झील या फिर नदी में आसानी से चलाया जा सकता है।
फिलहाल, कंपनी ने इसे न्यूजीलैंड में स्टडी के तौर पर पेश किया गया है, ग्राहकों से मिलने वाली प्रतिक्रिया के आधार पर इसे अन्य बाजार में भी पेश किया जाएगा। कंपनी का कहना है कि, जब इस इलेक्ट्रिक बाइक का पहला वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया, उसके बाद से ही दुनिया भर से इसके लिए ऑर्डर मिल रहे हैं। इसके निर्माण में कॉर्बन फायबर और एयरक्राफ्ट ग्रेड के एल्यूमिनियम का प्रयोग किया गया है।
इसका खास मैटीरियल इसे मजबूत और हल्का दोनों बनाता है। इसे आसानी से फोल्ड किया जा सकता है और एक व्यक्ति ही इसे अपने कंधे पर उठा सकता है। वजन में हल्का होने के नाते इसका ट्रांस्पोर्टेशन भी काफी आसान है। इस इलेक्ट्रिक बाइक में 460 वॉट की क्षमता का इलेक्ट्रिक मोटर प्रयोग किया गया है। कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक शो (CES) में लांच के दौरान इस बाइक की कीमत 5,790 पौंड यानी की 5,37,020 रुपये तय की गई है।