दुनिया के बड़े अमीरों में शुमार एलन मस्क की इलेक्ट्रिक कार बनाने वाली कंपनी टेस्ला को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। खबर है कि टेस्ला, चीन में 2,85,000 इलेक्ट्रिक वाहनों को क्रूज कंट्रोल को ठीक करने के लिए बाजार से वापस मंगा रही है।

क्या है कार में गड़बड़ी: टेस्ला ने चीन के सोशल मीडिया मंच वीबो पर उपभोक्ताओं को भेजे संदेश में बताया कि कुछ इलेक्ट्रिक वाहनों का क्रूज कंट्रोल अचानक एक्टिवेट हो सकता है, जिससे वाहन रफ्तार पकड़ सकती है। ऐसी आशंका है कि इस गड़बड़ी की वजह से सुरक्षा का जोखिम पैदा हो सकता है। टेस्ला की इन वाहनों में 2,11,256 ”मॉडल-3” सेडान है। इसी तरह, इनमें 38,599 मॉडल वाई क्रॉसओवर यूटिलिटी वाहन शामिल हैं। इन वाहनों का उत्पादन चीन में हुआ है। वहीं कुछ कारों को आयात किया गया है।

भारत में दिसंबर तक लॉन्चिंग की उम्मीद: बता दें कि इसी साल जनवरी में टेस्ला ने बेंगलुरु में कंपनी रजिस्टर्ड किया है। टेस्ला इस साल के अंत तक भारत में अपनी पहली कार लॉन्च कर सकती है। ऐसा माना जा रहा है कि टेस्ला अपने मॉडल 3 कार के जरिए भारतीय बाजार में एंट्री लेगी। ये टेस्ला की सबसे चर्चित मॉडल कार है। इसकी कीमत 20 लाख रुपये से ज्यादा की है।

यही नहीं, बीते दिनों मीडिया में ये खबर भी आई कि टेस्ला अब मुंबई में शोरूम की तलाश में है। वहीं, भारत में स्टाफ की भर्ती भी शुरू कर दी है। अभी कंपनी सिर्फ लीडरशिप पॉजिशन और सीनियर लेवल पर भर्ती कर रही है।

दुनिया के दूसरे अमीर अरबपति की है कंपनी: आपको बता दें कि टेस्ला के मुखिया एलन मस्क हैं। एलन मस्क दुनिया के दूसरे सबसे अमीर अरबपति हैं। ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबि​क एलन मस्क की नेटवर्थ 184 बिलियन डॉलर है। साल के शुरुआती महीनों में एलन मस्क की दौलत 200 बिलियन डॉलर से ज्यादा हो गई थी। एलन मस्क दुनिया के सबसे अमीर अरबपति भी बन गए थे। हालांकि, इसके बाद दौलत में गिरावट आई।