Delhi to London Bus Service: घुमना फिरना तकरीबन हर किसी को अच्छा लगता है, खास कर जब बात विदेश यात्रा की हो। क्या आपने कभी सोचा है कि आप बस से लंदन तक का सफर कर सकें। अब तक यह यात्रा विमान से ही पूरी होती रही है लेकिन बहुत जल्द ही दिल्ली और लंदन के बीच बस सर्विस शुरू होने जा रही है। यह दुनिया की सबसे लंबी बस यात्रा होगी। तो आइये जानते हैं इस रोमांचक यात्रा के बारे में –

दरअसल, Adventures Overland नाम की कंपनी दुनिया के इस सबसे लंबी बस यात्रा को शुरु करने जा रही है। कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार इस यात्रा को आगामी मई 2021 तक शुरु किया जा सकता है। जो कि दिल्ली से शुरु होकर लंदन तक जाकर समाप्त होगा, इसके बाद यह बस वापस लंदन से दिल्ली के लिए निकलेगी।

वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार यह यात्रा तकरीबन 20,000 किलोमीटर की दूरी तय करेगी और 18 देशों से होते हुए 70 दिनों में पूरी की जाएगी। यदि आप भी इस ट्रिप का हिस्सा बनना चाहते हैं तो यह आपके लिए आखिरी मौका है, क्योंकि हमारे सहयोगी वेबसाइट फाइनेंशियल एक्सप्रेस में छपी रिपोर्ट के अनुसार इस ट्रिप के लिए केवल 20 टिकट ही बचे हैं।

इस ट्रिप की सबसे खास बात यह है या तो आप पूरी ट्रिप को बुक कर सकते हैं या फिर दक्षिण पूर्व एशिया (11 रातें और 12 दिन), चीन (15 रातें और 16 दिन), सेंट्रल एशिया (21 रातें और 22 दिन) या फिर यूरोप (15 रातें और 16 दिन) में से किसी का चुनाव कर सकते हैं। इसमें कोई संदेह नहीं है कि यह यात्रा बेहद ही दिलचस्प होने वाला है।

लगेंगे इतने रूपये: किसी भी यात्रा के लिए सबसे अहम हिस्सा उस पर आने वाला खर्च होता है। तो दुनिया की इस सबसे लंबी बस सर्विस के लिए आपको भारी रकम चुकानी होगी। यदि आप दिल्ली से लेकर लंदन तक की फुल ट्रिप को बुक करते हैं तो आपको इसके लिए 15 लाख रुपये प्रति व्यक्ति खर्च करने होंगे। इसके अलावां यदि आप उपर दिए गए चार विकल्पों में से किसी एक ट्रिप को बुक करते हैं तो प्रति व्यक्ति आपको 3.5 लाख रुपये से लेकर 4.95 लाख रुपये तक का खर्च वहन करना होगा।

क्या होगा रूट: आपको यह जानकर थोड़ी हैरानी होगी कि भला एक बस से दिल्ली से लेकर लंदन तक का सफर कैसे पूरा किया जाएगा, आखिर इस यात्रा का रूट क्या होगा। तो कंपनी ने अपने वेबसाइट पर इस यात्रा का पूरा रूट मैप भी उपलब्ध करवाया है। यह यात्रा दिल्ली से शुरू होकर मयांमार होते हुए, थाईलैंड, चीन, उज्बेकिस्तान, रूस, चेक रिपब्लिक, जर्मनी के बाद सीधे लंदन तक जाकर खत्म होगी। इसके अलावां सभी जगहों पर ठहरने की व्यवस्था इत्यादि कंपनी द्वारा स्वयं की जाएगी। इस यात्रा के बारे में अतिरिक्त जानकारी के लिए आप कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर भी विजिट कर सकते हैं।