Coronavirus Pandemic:  भारत में कोराना वायरस का कहर लगातार जारी है, देश भर में इस भयावह बीमारी के मामले बढ़ते जा रहे हैं। जिस तरह से यह बीमारी रौद्र रूप धारण कर रही है वैसे ही कई दिग्गज कंपनियां भी लोगों की मदद के लिए आगे आ रही हैं। प्रमुख दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी Honda ने भी कोरोना वायरस से लड़ने के लिए 11 करोड़ रुपये की मदद का ऐलान किया है।

होंडा ग्रुप ऑफ कम्पनीज की विंग होंडा इंडिया फॉउंडेशन ने घोषणा की है कि वो इस भयावह बीमारी से निपटने के लिए 11 करोड़ रुपये की मदद करेगी। इसके अलावा Honda 2,000 हाई प्रेशर बैकपैक स्प्रेयर की भी सप्लाई करेगा। जो कि होंडा के इंजन से लैस होंगे। इस स्पेयर्स का इस्तेमाल सरकार एजेंसियों द्वारा सार्वजनिक स्थलों पर डिसइंफेक्शन के लिए किया जाएगा।

इसके अलावा Honda अपनी एम्बुलेंस सेवाओं को भी COVID-19 से संक्रमित लोगों के सही उपचार के लिए दे रही है। कंपनी अपने उन सभी इलाकों में जहां पर होंडा मोटरसाइकिल स्कूटर इंडिया के प्लांट हैं वहां पर स्थानीय लोगों की मदद के लिए भी कार्य करेगी। ताकि जरूरतमंद लोगों को भोजन इत्यादि का वितरण किया जा सके। बता दें कि, कंपनी के प्लांट हरियाणा, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, गुजरात और राजस्थान में स्थित हैं।

कोरोना वायरस से निपटने के लिए कई दिग्गज वाहन निर्माता कंपनियां आगे आई हैं। देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी तीन अन्य भारतीय कंपनियों के साथ मिलकर वेंटिलेटर्स, मास्क और प्रोटेक्टिव क्लॉथ का निर्माण कर रही है। इसके अलावा महिंद्रा ने भी सबसे सस्ते वेंटिलेटर्स के निर्माण का वादा किया है। टाटा ट्रस्ट और टाटा संस ने 1500 करोड़ रुपये की मदद का ऐलान किया है।