BMW ने भारत में अपनी 2 बाइक लॉन्च कर दी हैं। यह बाइक BMW G310 R और G310 GS हैं। यह बाइक BMW की अब तक की सबसे सस्ती बाइक हैं। जाहिर है सस्ती हैं तो पावर भी कम होगी। जी हां यह दोनों ही बाइक BMW की एंट्री लेवल बाइक हैं। जब एंट्री लेवल हैं तो कीमत भी कम रखी गई है। दोनों ही बाइक्स को 3 साल की स्टेंडर्ड वारंटी के साथ सेल किया जाएगा।

पावर की बात करें तो दोनों ही बाइक्स में 313CC का सिंगल पॉट इंजन दिया गया है। दोनों ही बाइक्स का इंजन 34bHP की पावर जेनरेट करेगा। इसका टॉप टॉर्क 28 न्यूटन मीटर का होगा। दोनों ही बाइक्स में 6 स्पीड वाला गियर बॉक्स दिया गया है। इसकी खास बात है कि दोनों ही बाइक्स में वही इंजन दिया गया है जो TVS Apache RR 310 में दिया गया है। इस इंजन को टीवीएस और बीएमडब्ल्यू ने साथ मिलकर डिवेलप किया है। कीमत की बात करें तो BMW G 310 R की कीमत 2.99 लाख रुपए रखी गई है। वहीं BMW G 310 GS की कीमत 3.49 लाख रुपए रखी गई है।

बाइक में दिए गए सस्पेंशन की बात करें तो इनमें फ्रंट में इनवर्टिड फोर्क्स और रियर में मोनोशॉक दिया गया है। दोनों बाइक्स के ब्रेकिंग सिस्टम की बात करें तो इनमें एंटी लॉक ब्रेकिंग सिस्टम दिया गया है। इससे बाइक को रोकने में आसानी होती है। दोनों ही बाइक्स के फ्रंट और रियर में डिस्क ब्रेक दिए गए हैं। BMW G310 R का लुक KTM 390 Duke से मिलता जुलता है। वहीं BMW G310 GS एक एडवेंचर बाइक है। इसका लुक Kawasaki Versys X-300 और Royal Enfield Himalayan  जैसा है।

BMW G310 R और G310 GS को टीवीएस के प्लांट में तैयार किया जाएगा। यह बाइक तमिलनाडु के होसूर प्लांट में बनाई जाएंगी और इंटरनेशनल मार्केट में एक्सपोर्ट भी की जाएंगी। आपको बता दें कि  BMW G 310 R और G 310 GS की 2,376  यूनिट साइड स्टेंड और फ्रेम में कुछ खामी की वजह से अमेरिका में वापस मंगाई गई हैं। यह रिकॉल 7 अगस्त से शुरू होगा। इसके लिए BMW बाइक मालिकों से संपर्क कर रही है। कंपनी इस पार्ट को फ्री में रिप्लेस करेगी।