दुनिया की सबसे पुरानी वेस्पा स्कूटर की नीलामी की जा रही है। हाथ से बनाए गए इस स्कूटर को 1953 में बनी आड्री हेपबर्न की फिल्म ‘रोमन हॉलीडे’ में दिखाया गया था। इस स्कूटर के 300,000 यूरो में नीलाम होने की संभावना है। स्कूटर का चेसिस नंबर 1003 है। यह इटली की वाहन विनिर्माता कंपनी पिआजियो द्वारा निर्मित तीसरा वेस्पा स्कूटर है। यह पिआजिओ का ‘जीरो’ श्रंखला का स्कूटर है जिसमें 60 प्रोटोटाइप हैं। इसी प्रकार के बने दो प्रोटोटाइप स्कूटर हालांकि अब अस्तित्व में नहीं हैं। ऑनलाइन नीलामी करने वाली कंपनी कैटाविकि में वेस्पा स्कूटरों के विशेषज्ञ डेविड मेरली ने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि कोई निजी संग्रहकर्ता इस स्कूटर को खरीद लेगा अथवा कोई संग्रहालय भी इसे खरीद सकता है, जो इसे भविष्य की पीढ़ियों के लिए इटली की ऐतिहासिक वस्तु के तौर पर प्रदर्शित करेगा।’’
स्कूटर को 1946 में हाथ से बनाया गया था और अभी भी चालू हालत में है। उम्मीद है कि इसकी नीलामी करीब 250,000 से 300,000 यूरो में हो जाएगी। दूसरे विश्वयुद्ध से पहले पिआजियो मुख्य तौर पर लड़ाकू विमान बनाता था, लेकिन युद्ध की समाप्ति के बाद कंपनी को हथियार बनाने की इजाजत नहीं दी गई। इसके बाद पिआजियो के प्रबंधन ने अपना विनिर्माण चालू रखा और आजकल की प्रसिद्ध स्कूटरों का निर्माण शुरू कर दिया।
साल 1946 के बाद से पिआजियो, वेस्पा स्कूटर बनाने वाली कंपनी के तौर पर जाना पहचाना नाम बन गया। साल 1953 में आड्री हेपबर्न की फिल्म ‘रोमन हॉलीडे’ प्रदर्शित हुई। इस फिल्म में स्कूटर को अहम रूप से दिखाया गया, जिसके बाद यह स्कूटर लोकप्रियता के इस स्तर पर पहुंच गया।
जैसा कि कुछ कारों के मामले में होता है, वेस्पा स्कूटर भी समय के साथ अधिक मूल्यवान होता गया। मेरली ने बताया, ‘‘बहुत अधिक लोगों की पसंद होने के कारण वेस्पा स्कूटर का मौद्रिक मूल्य भी बरकरार रहा। यह नीलामी 28 मार्च तक जारी रहेगी।