भारत के दिग्गज कारोबारी गौतम अडानी ने इस साल सबसे ज्यादा संपत्ति बढ़ने के मामले में अमेरिका के दिग्गज निवेशक वॉरेन बफे को भी पीछे छोड़ दिया है। ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक इस साल भारत के गौतम अडानी की संपत्ति 10.1 बिलियन डॉलर बढ़ी है जबकि वॉरेन बफे की संपत्ति में 9.35 बिलियन डॉलर का इजाफा हुआ है। टॉप 20 अमीरों में केवल इन्हीं दो कारोबारियों की संपत्ति में इस साल इजाफा हुआ है।

दुनिया में सबसे आगे अडानी: ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक दुनिया में गौतम अडानी इकलौते ऐसे शख्स हैं जिनकी संपत्ति में 10 बिलियन डॉलर का इजाफा हुआ है जो दुनिया में किसी अन्य अरबपति के मुकाबले सबसे ज्यादा है। वर्तमान में गौतम अडानी के पास 86.6 अरब डॉलर की संपत्ति है। जो उन्हें दुनिया का 11वां अमीर कारोबारी बनाता है। उनका कारोबार पोर्ट से लेकर एयरपोर्ट तक फैला हुआ है।

वॉरेन बफे की संपत्ति में इजाफा: 2022 में पहली बार वॉरेन बफे का नाम दुनिया के टॉप फाइव की लिस्ट में आया है। ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक उनकी संपत्ति 118 बिलियन डॉलर है। अक्टूबर 2021 में वह इस लिस्ट में 11 वें सबसे अमीर शख्स थे।

20 में से 18 अमीरों ने कम हुई दौलत: ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक 2022 शुरआत से अब तक अमीरों की संपत्ति में भारी गिरावट देखने को मिली है। इस गिरावट में सबसे ज्यादा 64 बिलियन डॉलर नुकसान टेस्ला के सीईओ एलन मस्क का हुआ है। उसके बाद फेसबुक के सीईओ मार्क जुकरबर्ग की संपत्ति में 54 बिलियन डॉलर का नुकसान हुआ है। लग्जरी गुड्स बनाने वाली कंपनी के मालिक बर्नार्ड अर्नॉल्ट को 43 बिलियन डॉलर, कनाडा के कारोबारी चंगपेंग जाओ को 35 बिलियन डॉलर का नुकसान हुआ है। अमेजन के सीईओ जेफ बेजोस को 22 बिलियन डॉलर का नुकसान हुआ है। माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स को 13 बिलियन डॉलर का नुकसान हुआ है।

मुकेश अंबानी भी पीछे नहीं: ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक एशिया और भारत के सबसे अमीर कारोबारी मुकेश अंबानी की 88.5 बिलियन डॉलर संपत्ति के साथ दुनिया के अमीरों की सूची में दसवें नंबर है। इस साल उनकी संपत्ति में भी 1.52 बिलियन डॉलर की गिरावट आई है