दुनिया के छठे और भारत के सबसे अमीर शख्स मुकेश अंबानी ने रिलायंस की 43वीं आम सभा में 5जी तकनीक से लेकर गूगल के निवेश तक कई बड़े ऐलान किए हैं। मुकेश अंबानी ने कहा कि गूगल की ओर से रिलायंस जियो की पैरेंट कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स में 33,737 करोड़ रुपये का इन्वेस्टमेंट किया जाएगा। बीते करीब दो महीनों में रिलायंस इंडस्ट्रीज ने दुनिया भर से निवेश के जरिए बड़ी ग्रोथ हासिल की है। हालांकि मुकेश अंबानी लाइफस्टाइल के मामले में बेहद सरल हैं और चर्चाओं से दूर रहते हैं। बिजी कारोबारी लाइफ के बीच भी वह अपनी फैमिली के लिए समय निकालते हैं। आइए जानते हैं, कैसी है देश के सबसे अमीर शख्स की लाइफस्टाइल…

नहीं करते ड्रिंक, पूरी तरह शाकाहारी: भारत की 5 फीसदी जीडीपी के बराबर के साम्राज्य वाले रिलायंस इंडस्ट्रीज के मुखिया मुकेश अंबानी खानपान को लेकर विशेष ख्याल रखते हैं। वह कभी ड्रिंक नहीं करते और नॉनवेज भी नहीं खाते। वह पूरी तरह से वेजिटेरियन डाइट लेते हैं। अंबानी परिवार के करीबी सूत्रों के मुताबिक वह दाल, चावल और रोटी जैसा सादा खाना ही पसंद करते हैं। कई बार वह किसी रोड किनारे बने ढाबे पर भी खाते नजर आते हैं तो कभी मुंबई के नामी होटलों में। मुकेश अंबानी अच्छे खाने के शौकीन हैं, लेकिन वह इसके लिए किसी एक डेस्टिनेशन के मोहताज नहीं हैं।

परिवार के साथ ही बिताते हैं रविवार का दिन: मुकेश अंबानी सुबह जल्दी ही अपना काम शुरू कर देते हैं। कहा जाता है कि हर दिन की शुरुआत वह अपनी मां कोकिलाबेन अंबानी का आशीर्वाद लेकर करते हैं। रविवार का दिन वह अपनी फैमिली के लिए ही रिजर्व रखते हैं। रविवार का वह पूरा दिन अपनी मां, पत्नी नीता अंबानी और बच्चों के साथ ही गुजारना पसंद करते हैं।

कारों के हैं शौकीन: मुकेश अंबानी भले ही लोप्रोफाइल लाइफस्टाइल पसंद करते हैं, लेकिन उन्हें कारों का बहुत शौक है। सूत्रों के मुताबिक मुकेश अंबानी के पास 170 से ज्यादा कारें हैं। उनकी एक कार BMW 670Li पूरी तरह से बुलेटप्रूफ है। इसके अलावा रोल्स रॉयस, बेंटले जैसी नामी कारें भी उनके काफिले का हिस्सा हैं। हाल ही में पत्नी नीता अंबानी ने उनके बर्थडे पर एक कस्टमाइज्ड Maybach कार गिफ्ट की थी। यह गाड़ी 249 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से दौड़ सकती है।