कर्ज के जाल में फंसे रिलायंस ग्रुप के मुखिया अनिल अंबानी की दो बड़ी कंपनियों को एक बार फिर नुकसान हुआ है। ये दो कंपनियां रिलायंस कैपिटल और रिलायंस होम फाइनेंस हैं। आपको यहां बता दें कि अनिल अंबानी संपत्तियों की बिक्री कर कर्ज कम करने में जुटे हैं।
रिलायंस होम फाइनेंस: लोन से जुड़े कारोबार करने वाली कंपनी रिलायंस होम फाइनेंस पर कर्ज का बड़ बोझ है और कंपनी ऋण समाधान प्रक्रिया के दौर से गुजर रही है। इस कंपनी को मार्च 2021 को समाप्त तिमाही में करीब 445 करोड़ रुपये का घाटा हुआ है। कंपनी को मार्च 2020 में समाप्त तिमाही में भी 238.37 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था। कहने का मतलब ये है कि नुकसान एक साल पहले के मुकाबले और ज्यादा हो गया है। कंपनी की कुल आय इस साल मार्च तिमाही में 42.4 प्रतिशत घटकर 162 करोड़ रुपये रही।
एक साल पहले इसी अवधि में रिलायंस होम फाइनेंस ने 281.34 करोड़ रुपये की आय दिखायी थी। पूरे साल की बात करें तो वित्तवर्ष 2020-21 में, कंपनी का घाटा कई गुना बढ़ते हुए 1,520 करोड़ रुपये रहा जबकि 2019-20 में यह 375.32 करोड़ रुपये था। वर्ष 2020-21 में कंपनी की कुल आय 840.43 करोड़ रुपये थी, जबकि पिछले वित्त वर्ष में यह 1602.91 करोड़ रुपये थी।
रिलायंस कैपिटल: अनिल अंबानी के रिलायंस समूह की कंपनी रिलायंस कैपिटल ने बताया कि मार्च 2021 को समाप्त तिमाही के दौरान उसका घाटा कम होकर 1,646 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी ने इससे पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 2,179 करोड़ रुपये का घाटा दर्ज किया था। (ये पढ़ें-मुकेश अंबानी से ज्यादा है इन दो भाइयों की सैलरी, रिलायंस में मिली है बड़ी जिम्मेदारी)
इसी तिमाही में उसकी कुल आय बढ़कर 5,163 करोड़ रुपये हो गई, जो इससे एक साल पहले की समान तिमाही में 3,780 करोड़ रुपये थी। इस दौरान कंपनी का कुल खर्च 5,846 करोड़ रुपये से बढ़कर 6,564 करोड़ रुपये हो गया।
रिलायंस पावर ने दी अच्छी खबर: हालांकि, इस बीच अनिल अंबानी की ही एक अन्य कंपनी रिलायंस पावर की ओर से अच्छी खबर आई है। रिलायंस पावर को मार्च 2021 को समाप्त तिमाही में 72.56 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ है। हालांकि, ये पहली बार नहीं है जब रिलायंस पावर को मुनाफा हुआ है। बीते वित्त वर्ष के दिसंबर तिमाही में भी कंपनी मुनाफे में रही थी। अगर वित्तवर्ष 2020-21 की बात करें तो रिलायंस पावर का मुनाफा 228.63 करोड़ रुपये रहा।