अनिल धीरूभाई अंबानी ग्रुप की सालाना आम सभा (Annual General Meeting (AGM)) का आयोजन आज मुंबई में किया गया। इस दौरान ग्रुप के चेयरमैन अनिल अंबानी ने कुछ ऐसा ऐलान किया कि ग्रुप की कंपनी Reliance Capital के शेयर में भारी गिरावट देखने को मिली। रिलायंस कैपिटल के शेयर 20 साल के अपने न्यूनतम स्तर पर पहुंच गए हैं। बीएसई पर रिलायंस कैपिटल के एक शेयर की कीमत 24.20 पर पहुंच गई है। बता दें कि अनिल अंबानी के नेतृत्व वाली रिलायंस कैपिटल ने कर्ज देने के बिजनेस से बाहर निकलने का फैसला किया है।
रिलायंस कैपिटल भविष्य में सिर्फ रिलायंस कैपिटल फाइनेंस और रिलायंस होम फाइनेंस के फाइनेंशियल शेयरहोल्डर की तरह काम करेगी और इनका एसेट बेस 25,000 करोड़ रुपए है। अनिल अंबानी ने जानकारी दी कि रिलायंस ग्रुप ने बीते 14 माह के दौरान मई, 2019 तक अपने कर्ज के 35,000 करोड़ रुपए चुका दिए हैं और मार्च, 2020 तक कंपनी की कर्ज के 15,000 करोड़ रुपए और चुकाने की योजना है। अंबानी ने बताया कि बिना किसी बैंकिंग फंडिंग के किसी कॉरपोरेट ग्रुप द्वार चुकायी गई यह सबसे बड़ी कर्ज की रकम है।
अनिल अंबानी ने रिलायंस पावर के शेयरहोल्डर्स के साथ बातचीत में बताया कि ग्रुप अब सोलर, वायु ऊर्जा, बायोगैस, कचरे से ऊर्जा के निर्माण और रिन्यूवेबल एनर्जी के क्षेत्र में विकास करेगा। अंबानी ने बताया कि उनकी योजना रिलायंस पावर को एक ‘फ्यूचर ग्रीन’ कंपनी में बदलने की है।
अनिल धीरूभाई अंबानी ग्रुप की आमसभा मुंबई के केसी कॉलेज में आयोजित हुई। इस दौरान अनिल अंबानी ने रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर, रिलायंस कैपिटल, रिलायंस पावर, रिलायंस होम फाइनेंस के शेयरहोल्डर्स को संबोधित किया।
बता दें कि रिलायंस पावर ने बांग्लादेश के साथ एक एग्रीमेंट साइन किया है। इस एग्रीमेंट के तहत रिलायंस पावर अगले 22 सालों तक बांग्लादेश को 718 मेगावाट बिजली देगी। इसके लिए रिलायंस पावर एक बिलियन डॉलर का निवेश करेगी।