Anand Mahindra on Tesla: एलन मस्क के मालिकाना हक वाली Tesla की आखिरकार भारत में एंट्री हो गई है। देश की आर्थिक राजधानी कही जाने वाली मुंबई में कंपनी ने अपना पहला स्टोर खोला है। इसके साथ ही अमेरिकी कार निर्माता ने आधिकारिक तौर पर अपने इलेक्ट्रिक वाहनों के साथ भारतीय बाजारों में उपलब्ध करा दिया है। इस ऑफिशियल लॉन्च के मौके पर टेस्ला और मस्क का गर्मजोशी से स्वागत हुआ और खास बात है कि उनके प्रतिस्पर्धियों ने भी उन्हें शुभकामनाएं दी।

महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने एलन मस्क का गर्मजोशी से स्वागत किया। महिंद्रा ने X पर पोस्ट किया, “भारत में आपका स्वागत है, @elonmusk और @tesla। दुनिया के सबसे बड़े ईवी अवसरों में से एक, अब और अधिक रोमांचक हो गया है। प्रतिस्पर्धा,इनोवेशन को प्रेरित करती है और आगे के लिए बहुत कुछ है। चार्जिंग स्टेशन पर आपको देखने के लिए उत्सुक हूं।”

उद्योगपति ने 2017 के एक ट्वीट एक्सचेंज का एक स्क्रीनशॉट भी शेयर किया, जिसमें उन्होंने टेस्ला के ग्लोबल मोमेन्टम प्राप्त करने से पहले मस्क को भारत में आमंत्रित किया था। स्क्रीनशॉट में महिंद्रा को 2017 के एक ट्वीट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए देखा जा सकता है, जहां मस्क ने 2030 तक पूरी तरह से इलेक्ट्रिक कारों में शिफ्ट होने की भारत की महत्वाकांक्षा का जिक्र किया था।

महिंद्रा ने कहा था, “अब तो तुम्हें आ ही जाना चाहिए, एलन। क्या पूरा बाजार महिंद्रा के लिए ही छोड़ दोगे? जितने ज़्यादा, उतना अच्छा… और उतना ही ग्रीनर।” इस पर मस्क ने जवाब दिया था, ‘बिल्कुल सही बात’।

अब इस बात को 8 साल पूरे हो चुके हैं और टेस्ला ने मुंबई के मैक्सिटी मॉल में अपना पहला भारतीय आउटलेट खोल दिया है। टेस्ला ने Model Y इलेक्ट्रिक कार रियल-व्हील ड्राइव को 60 लाख रुपये जबकि लॉन्ग-रेंज वेरियंट को 67.8 लाख रुपये में उपलब्ध कराया है।

हालांकि, भारत में लगने वाली ऊंची इंपोर्ट ड्यूटीज के चलते टेस्ला की कारों के दाम भारत में बहुत ज्यादा है। यूएस और चीन की तुलना में यह करीब दोगुना है।