देश के दिग्गज कारोबारी आनंद महिंद्रा ने सोशल मीडिया के जरिए कई लोगों की किस्मत बदल दी है। लेकिन आनंद महिंद्रा की किस्मत बदलने का श्रेय चर्चित एसयूवी Scorpio को जाता है। आनंद महिंद्रा की अगुवाई में महिंद्रा ने 2002 में भारतीय बाजार में Scorpio को अपनी पहली एमयूवी के तौर पर पेश किया।

Scorpio ने देश के शहरी से ग्रामीण इलाकों तक पहुंच बनाई। इस SUV को ग्रामीण इलाकों में उम्मीद से ज्यादा लोकप्रियता मिली। Scorpio की सफलता देख हॉवर्ड यूनिविसर्टी में इसे केस स्टडी के तौर पर शामिल किया गया। दिलचस्प बात ये है कि आनंद महिंद्रा ने भी हॉवर्ड यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की है। वर्तमान में स्कॉर्पियो के चार वैरिएंट हैं। स्कॉर्पियो -S5 वैरिएंट की कीमत 12 लाख रुपये से भी कम है। वहीं, टॉप वैरिएंट S-11 की बात करें तो कीमत 15.76 लाख रुपये है।

Scorpio की तरह महिंद्रा के बोलेरो को भी अप्रत्याशित सफलता मिली है। हालांकि, आज महिंद्रा के स्कॉर्पियो और बोलेरो के अलावा  XUV 300,  XUV500 और थार जैसे कई ब्रांड पॉपुलर हो चुके हैं। कृषि क्षेत्र में महिंद्रा के ट्रैक्टर की एक खास पहचान है। वहीं, Mahindra Truck को भी सफलता मिली है। फिलहाल, महिंद्रा ग्रुप के संचालन में आईटी से लेकर रियल एस्टेट तक, करीब 22 उद्योग हैं। कोटक महिंद्रा बैंक में आनंद महिंद्रा की छोटी लेकिन मूल्यवान हिस्सेदारी है।

आनंद महिंद्रा की संपत्ति: फोर्ब्स के मुताबिक आनंद महिंद्रा देश के 88वें अमीर शख्स हैं। वहीं, वैश्विक स्तर पर रैंकिंग 1730 वीं है। अगर नेटवर्थ की बात करें तो आनंद 13 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति है। आनंद महिंद्रा ने इसी साल महिंद्रा एंड महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन पद से इस्तीफा दिया है। आनंद महिंद्रा को अगस्त 2012 में महिंद्रा एंड महिंद्रा ग्रुप का चेयरमैन और एमडी बनाया गया था। अब वह ग्रुप के नॉन एग्जीक्यूटिव चेयरमैन हैं।