दुनिया के सबसे दौलतमंद अरबपति और टेस्ला के मालिक एलन मस्क ने ट्वीटर से दूरी बना ली है। इधर, दुनिया के टॉप 25 अरबपतियों में शुमार अलीबाबा ग्रुप के फाउंडर जैक मा को चीन की मीडिया ने बेगाना बना दिया है।
एलन मस्क का क्या है मामला: दरअसल, टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने खुद ही ट्विटर से अलग होने के बारे ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, ‘Off Twitter for a While’। हालांकि, एलन मस्क ने इस फैसले के पीछे की कहानी नहीं बताई। आपको बता दें कि एलन मस्क ट्विटर पर काफी एक्टिव रहते हैं और उनके 4.45 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। बीते दिनों व्हाट्सऐप की नई प्राइवेसी पॉलिसी का विरोध करते हुए एलन मस्क ने सिग्नल ऐप यूज करने का ट्वीट किया था। इसके बाद से ही सिग्नल ऐप की चर्चा काफी तेज हो गई।
जैक मा का क्या है मामला: अरबपति जैक मा को चीन की सरकारी मीडिया के एक आर्टिकल में जगह नहीं मिली है। दरअसल, शिन्हुआ न्यूज एजेंसी ने एक आर्टिकल पब्लिश किया है, जिसमें चीन के उन बिजनेसमैन का जिक्र किया गया है, जिन्होंने देश के विकास में अहम भूमिका निभाई। इसमें जैक मा का नाम नहीं है।
आपको बता दें कि जैक मा ने बीते साल चीन की सरकार की आलोचना की थी। इसके बाद से करीब तीन महीने तक जैक मा रहस्यमयी तरीके से गायब रहे थे। हालांकि, बीते दिनों एक बार फिर जैक मा दिखाई दिए थे।
एलन मस्क और जैक मा की संपत्ति: एलन मस्क दुनिया के सबसे दौलतमंद शख्स हैं। टेस्ला के सीईओ मस्क की संपत्ति 190 बिलियन डॉलर के करीब है। वहीं, जैक मा की बात करें तो वह दुनिया के अरबपतियों की लिस्ट में 23वें स्थान पर हैं।
जैक मा की संपत्ति 53 बिलियन डॉलर से ज्यादा है। बीते साल तक जैक मा एशिया के सबसे दौलतमंद अरबपति थे। हालांकि, उन्हें मुकेश अंबानी ने पछाड़ दिया था।