मध्य प्रदेश में विकास कार्यों की जानकारी सीधे ग्राम पंचायत स्तर पर जनता तक पहुंचाने और समस्याओं का समाधान कराने के लिए जनसेवा मित्रों को तैयार किया गया है। भोपाल के लाल परेड ग्राउण्ड में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री जनसेवा मित्र बूट कैंप बैच-2 में युवाओं के योगदान को सराहा। उन्होंने कहा कि छह महीने पहले जिन बेटे-बेटियों का चयन मुख्यमंत्री जनसेवा मित्र के रूप में किया गया था, उन्होंने बहुत अच्छा काम किया है। प्रदेश को नई पहचान मिली है। ये सभी युवा इतिहास रचेंगे। युवा प्रदेश की प्रगति और विकास के लिए नया इतिहास रचने में सहयोग करें। जो काम आपको मिला है, वह अपने आप को तराशने और बनाने और सीखने का कार्य है। लाड़ली बहना योजना सहित अन्य जन-कल्याणकारी योजनाओं में भरपूर सहयोग करें। इस मौके पर सहकारिता मंत्री अरविंद सिंह भदौरिया, अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान के उपाध्यक्ष सचिन चतुर्वेदी, सीईओ राघवेन्द्र कुमार सिंह, लोकेश शर्मा तथा अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

बिजली का उत्पादन 2900 मेगावॉट से बढ़कर 28 हजार मेगावॉट हुआ

सीएम ने कहा कि मध्यप्रदेश में एक समय सड़कों की हालत खराब थी। बिजली भी बहुत कम आती थी। पीने के पानी, सिंचाई की व्यवस्था भी नहीं थी। म.प्र. बीमारू राज्य था। आज प्रति व्यक्ति आय 11 हजार रूपये से बढ़कर एक लाख 40 हजार रूपए हो गई है। बिजली का उत्पादन 2900 मेगावॉट से बढ़कर 28 हजार मेगावॉट हो गया है। लगभग 47 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की व्यवस्था हो गई है। सड़कों की स्थिति में सुधार हुआ है। प्रदेश का बजट भी बढ़ा है। हम सीएम राइज स्कूल बना रहे हैं। मध्यप्रदेश को आगे ले जाना है।

बहनों के लिए चल रही है मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना में उच्च शिक्षा और विदेश में अध्ययन की फीस राज्य सरकार भरवा रही है। मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना का शुभारंभ 13 अगस्त को होगा। युवाओं को काम सीखने के दौरान 8 हजार रूपये प्रतिमाह भी दिए जाएंगे। यह इंटर्नशिप योजना आपको कई अनुभव सिखायेगी। प्रदेश में बेटा और बेटियों का भेदभाव समाप्त करने के लिए लाड़ली लक्ष्मी योजना बनाई गई। बेटियों के हित में कई कदम उठाए गए हैं। बहनों के लिए मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना बनाई गई है। सीएम जनसेवा मित्र सभी योजनाएं लागू करवाने में मदद करें। सीएम जनसेवा अभियान में लोगों की सेवा करके उनकी जिंदगी बदलना है। आप लोगों की जिंदगी बेहतर बनाओ, आपकी जिंदगी बनाने का काम हम करेंगे। मुझे आप पर पूरा विश्वास है।

मुख्यमंत्री से पांच जनसेवा मित्रों ने संवाद करते हुए सवाल पूछे। मुख्यमंत्री श्री चौहान से सहजता से सवालों के जवाब दिए। मुख्यमंत्री ने बताया कि उनके प्रेरणा-स्त्रोत स्वामी विवेकानंद, भगवत गीता, श्रद्धेय स्व. अटल बिहारी वाजपेयी और वर्तमान में देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी हैं।

मुख्यमंत्री ने वी.सी. के माध्यम से अशोकनगर, खण्डवा, जबलपुर, विदिशा से जुड़े जन सेवा‍मित्रों के परिजनों से बातचीत की। अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान की पुस्तक ‘अग्रसर’ का विमोचन किया। मुख्यमंत्री चौहान ने पाँच जन-सेवा मित्रों को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए।