असम में पहली बार पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने वाली भाजपा ने सत्ता संभालते ही गैर कांग्रेसी पार्टियों का एक गठबंधन बनाया। कहा गया कि यह गठबंधन पूर्वोत्तर राज्यों के विकास के लिए बनाया गया है। इसेे North East Democratic Alliance या NEDA नाम दिया गया और इसका मुखिया हेेमंत बिस्व सर्मा को बनाया गया। हेमंत वही हैं जिन्होंने तरुण गोगोई को साफ तौर पर कहा था कि वह मुख्यमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं। गोगोई ने उन्हें जवाब दिया था कि सपने मत देखो, काम करो। फिर वह राहुल गांधी के पास भी पहुंचे थे। वहां भी उपयुक्त प्रतिक्रिया नहीं मिलने के बाद उन्होंने पिछले साल भाजपा का दामन थाम लिया था। हालिया विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार की बड़ी वजह हेमंत भी बने।
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने ट्वीट कर बताया कि NEDA में शामिल होने पर असम के अलावा अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड और सिक्किम के मुख्यमंत्रियों ने सहमति दे दी है। उन्होंने इस गठबंधन का उद्देश्य पूर्वोत्तर राज्यों का संपूर्ण विकास और केंद्र सरकार के साथ बेहतर तालमेल बनाना बताया और इसका मुखिया बनाए जाने पर हेमंत बिस्वा सर्मा को बधाई भी दी।