भारतीय जनता पार्टी के नेता डॉ नरोत्तम मिश्रा मध्य प्रदेश सरकार में गृह मामलों, कानून और विधायी मामलों, जेल और संसदीय मामलों के मंत्री हैं। वह मध्य प्रदेश विधानसभा में दतिया निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। डॉ मिश्रा मध्य प्रदेश विधानसभा के छह बार सदस्य हैं। डॉ नरोत्तम मिश्रा का जन्म 15 अप्रैल 1960 को हुआ था। उनके पास जीवाजी विश्वविद्यालय ग्वालियर से एमए और पीएचडी की डिग्री है। वह साल 1977-78 में जीवाजी विश्वविद्यालय ग्वालियर के छात्र संघ के सचिव और 1978-80 में मध्य प्रदेश भारतीय जनता युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य रहे।
दतिया निर्वाचन क्षेत्र का करते हैं प्रतिनिधित्व
नरोत्तम मिश्रा दतिया निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं, जहां से वह लगातार तीन बार चुने गए हैं। इससे पहले वह तीन बार डबरा का भी प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वह पहली बार 1990 में विधानसभा के लिए चुने गए। 1998 और 2003 में वह ग्वालियर जिले के डबरा विधानसभा क्षेत्र से और 2008, 2013 और 2018 में दतिया विधानसभा क्षेत्र से चुने गए।
डॉ नरोत्तम मिश्रा 2005-2008, 2009-2018 और 2020 से अब तक मंत्री रहे हैं। डॉ मिश्रा को 4 दिसंबर 2005 को श्री शिवराज सिंह चौहान के मंत्रिपरिषद में राज्य मंत्री के रूप में शामिल किया गया, बाद में उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया गया। विधान सभा सदस्य रहते हुए उन्होंने 2009 में लोकसभा चुनाव लड़ा, लेकिन ज्योतिरादित्य सिंधिया से हार गये । उन्होंने अपने विभिन्न कार्यकालों में स्वास्थ्य और परिवार कल्याण, शहरी विकास, जनसंपर्क, जल संसाधन, कानून और विधायी मामलों और संसदीय मामलों के कैबिनेट मंत्री के रूप में कार्य किया है।