द कपिल शर्मा शो के राइटर अभिषेक सिंह हत्या के केस में गिरफ्तार हुए हैं। यह घटना 2009 की है। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ के गांव मेहजान में अभिषेक के दादा विभूति नारायण सिंह का गांव के प्रधान भूरे सिंह से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते भूरे सिंह के परिवार वाले ग्राम प्रधान के घर उसे मारने पहुंच थे। इस हमले में ग्राम प्रधान बच गया था। लेकिन रामनरेश शर्मा और रामेश्वर राम नाम के दो लोगों की हत्या हो गई थी। इस मामले में पुलिस इंस्पेक्टर ने बताया, ‘हमने अभिषेक सिंह उर्फ केरा सिंह के चाचा को मनोज उर्फ पतरु को तब गिरफ्तार किया था। लेकिन अभिषेक सिंह पिछले सात साल से फरार चल रहा था। उस पर 30 हजार रुपए का इनाम भी है।’
पुलिस ने बताया कि कुछ दिनों पहले खबर मिली थी कि अभिषेक मुंबई के वर्सोवा में रोहित सिंह के नाम से रह रहा है। इसके बाद यूपी एसटीएफ के पुलिसकर्मी पंकज सिंह, चंद्रप्रकाश और वरनाम सिंह उसे पकड़ने मुंबई आए। पूछताछ में पता चला कि उसने दिल्ली से मास कम्यूनिकेशन की डिग्री ली। इसके बाद एमबीए किया। उसकी पत्नी बैंकॉक में एक मल्टिनेशनल कंपनी में काम करती है। अभिषेक ने गिरफ्तारी से बचने के लिए केरा सिंह, रोहित सिंह, बलिंजर सिंह नाम रखे और बार-बार पहचान बदलता गया।
गिरफ्तारी के बाद अभिषेक ने बताया कि उस घटना के बाद उसके पिता ने पैतृक गांव छोड़ दिया था और परिवार के साथ इलाहाबाद में झूंसी क्षेत्र में रहने लगे। आजमगढ़ हत्याकांड में पुलिस ने किसी अनिल सिंह को भी आरोपी बनाया था। अभिषेक सिंह को गुरुवार को अंधेरी कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उसे चार दिन की ट्रांजिट रिमांड पर यूपी एसटीएफ को सौंप दिया।
बता दें कि अभिषेक सिंह ने ग्रेट इंडियन फैमिली ड्रामा शो में ऐक्टिंग भी की है। इसके अलावा कई और टीवी सीरियल में भी उसने स्क्रिप्ट लिखी है। के-9 प्रॉडक्शन हाउस में वह कॉन्ट्रैक्ट पर काम कर रहा था।