यूपी चुनाव: सपा ने जारी की 191 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट, कांग्रेस के साथ गठबंधन पर बना सस्पेंस

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को समाजवादी पार्टी की पहली लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में 191 उम्मीदवारों के नाम हैं। लिस्ट में पार्टी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष शिवपाल यादव को भी टिकट मिली है। वह जसवंतनगर से चुनाव लड़ेंगे जहां से वह 2012 में हुए विधानसभा चुनावों में जीते थे। लेकिन इस लिस्ट के आने के बाद सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर

अनिश्चितता पैदा हो गई है। दरअसल इस लिस्ट में उन 8 सीटों पर सपा ने अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं जहां पर वर्तमान में कांग्रेस के विधायक हैं। जिसके बाद अब इस गठबंधन को लेकर सस्पेंस पैदा हो गया है। वहीं सपा की तरफ से कहा गया है कि वह गठबंधन को लेकर कांग्रेस की तरफ से सकरात्मक जवाब का इंतजार कर रही है। आपको बता दें कि भारतीय जनता पार्टी और बहुजन समाज पार्टी दोनों ने पहले चरण के चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी पहले ही कर दी थी। शिवपाल यादव के अलावा इन चुनावों में अखिलेश यादव ने बेनी प्रसाद यादव के बेटे की जगह अरविंद सिंह गोप को टिकट दी गई है और साथ ही आजम खान के बेटे का भी टिकट पक्का हो गया है। दरअसल समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता किरणमोय नंदा ने गुरुवार को गठबंधन की सही बताया था और कहा था कि सपा 300 से ज्यादा सीटों और बाकी की सीटों पर कांग्रेस चुनाव लड़ेगी। आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश में सात चरणों में मतदान होगा और 11 मार्च को चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे।

और पढ़ें