हिमाचल प्रदेश में बारिश के कारण पिछले तीन दिनों में कम से कम 71 लोगों की जान जा चुकी है और 13 लोग अभी भी लापता हैं। हालांकि, अधिकांश हिस्सों में बारिश कम हो गई है, लेकिन कई जगहों पर अब भी लैंडस्लाइड हो रही है। लैंडस्लाइड की वजह से तीन नेशनल हाइवे सहित लगभग 700 सड़कें ब्लॉक हो गई हैं और बिजली-पानी की आपूर्ति बाधित हो गई है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को कहा कि पोंग बांध के पास कांगड़ा के निचले इलाकों से 800 से ज्यादा लोगों को निकाला गया, क्योंकि बांध में जलस्तर बढ़ गया था। मुख्यमंत्री कार्यालय के लेटेस्ट आंकड़ों के अनुसार, राज्य में भारी बारिश और लैंडस्लाइड में मरने वालों की संख्या 71 हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि भूस्खलन और बाढ़ के कारण ढही इमारतों के मलबे से बुधवार को और शव निकाले जाने के बाद मरने वालों की संख्या बढ़ गई। सीएम सुक्खू ने कहा कि इस मानसून सीजन में बुनियादी ढांचे का कुल नुकसान 10,000 करोड़ रुपये से ज्यादा है।
