Allu Arjun Released: फिल्म अभिनेता अल्लू अर्जुन को शुक्रवार (13 दिसंबर 2024) को हैदराबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया। इसके बाद उन्हें नामपल्ली अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वहीं, अल्लू अर्जुन के वकीलों ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर मामले को रद्द करने की अपील की।
हाईकोर्ट ने सुनवाई के बाद अभिनेता को अंतरिम जमानत दे दी। हालांकि, तकनीकी कारणों के चलते जेल प्रशासन को उनकी रिहाई का आदेश शुक्रवार को नहीं मिल सका। इस वजह से अभिनेता की रिहाई अब शनिवार (14 दिसंबर 2024) को सुबह होने की संभावना है। जानकारी के अनुसार, अल्लू अर्जुन सुबह 7 से 7:30 बजे के बीच जेल से बाहर आ सकते हैं। अभिनेता की गिरफ्तारी और रिहाई को लेकर उनके प्रशंसकों में उत्सुकता बनी हुई है, जबकि प्रशासन ने इस मामले पर अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।